होम एग्जिट पोल पर ममता का बड़ा हमला, 200+ सीटों का दावा, क्या फिर चौंकाएंगी बंगाल की सियासत?
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों से पहले मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने अपनी पार्टी की जीत को लेकर पूरा भरोसा जताया है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों से पहले मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने अपनी पार्टी की जीत को लेकर पूरा भरोसा जताया है। शनिवार (2 मई, 2026) को उन्होंने काउंटिंग से पहले पार्टी के एजेंट्स को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया और कहा कि टीएमसी एक बार फिर सत्ता में वापसी करेगी।
ममता बनर्जी ने एग्जिट पोल के अनुमानों को पूरी तरह खारिज करते हुए बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा, “हम बंगाल चुनाव जीत रहे हैं और 200 से ज्यादा सीटों के अंतर से जीत रहे हैं. एग्जिट पोल शेयर बाजार में सिर्फ हेरफेर करने की एक कोशिश मात्र है. उन्होंने इससे पहले 2021, 2024 में भी ऐसा ही किया था और वो अब भी वही कर रहे हैं.”
मुख्यमंत्री ने एग्जिट पोल को गलत बताते हुए कहा कि ये केवल भ्रम फैलाने और बाजार को प्रभावित करने का प्रयास है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी को जनता का पूरा समर्थन मिला है और परिणाम भी उसी के अनुरूप आएंगे।
इस दौरान ममता बनर्जी ने चुनाव के दौरान तैनात केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) पर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बलों के जवानों ने टीएमसी कार्यकर्ताओं के साथ अत्यधिक बर्बरता की। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि ऐसे सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी आने वाले समय में सम्मानित करेगी।
ममता बनर्जी का यह बयान ऐसे समय आया है जब दक्षिण 24 परगना जिले की दो विधानसभा सीटों पर पुनर्मतदान कराया जा रहा है। इससे चुनावी माहौल और ज्यादा गर्म हो गया है।
मुख्यमंत्री के बयान से पहले बीजेपी नेता अमित मालवीय ने भी राज्य में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण के दौरान डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के फाल्टा में कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को वोट देने से रोका गया।
4 मई 2026 को होने वाली मतगणना से पहले पश्चिम बंगाल की राजनीति पूरी तरह गरमा गई है। एक तरफ टीएमसी अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रही है, वहीं विपक्ष लगातार चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठा रहा है। अब सबकी नजरें नतीजों पर टिकी हैं, जो राज्य की सियासत की दिशा तय करेंगे।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।