होम Kerala SIR Protest: कोच्चि में वोटर लिस्ट से नाम हटाने के खिलाफ प्रदर्शन, अभिजीत दीपके ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल
केरल के कोच्चि में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थन से प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है।
केरल के कोच्चि में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थन से प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे अभिजीत दीपके ने वोटर लिस्ट से बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि 13 करोड़ से ज्यादा वोटर्स के नाम हटाए गए हैं। उनके मुताबिक, इतनी बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने के बाद चुनाव की निष्पक्षता और स्वतंत्रता पर सवाल खड़े होते हैं।
कोच्चि पहुंचने पर मीडिया से बातचीत में अभिजीत दीपके ने कहा कि पूरे देश में मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि ऐसा कोई राज्य नहीं है, जहां यह प्रक्रिया नहीं चल रही हो।
दीपके ने कहा, "13 करोड़ से ज्यादा वोटर्स के नाम हटा दिए गए हैं. हम कैसे उम्मीद कर सकते हैं कि ये चुनाव निष्पक्ष और स्वतंत्र तरीके से हो रहे हैं. जब आप 13 करोड़ से ज्यादा वोटर्स के नाम हटा देते हैं, तो कुछ रजिस्ट्रेशन का 13 से 14 प्रतिशत हिस्सा हैं."
उन्होंने आगे कहा कि पूरे देश में मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं और ऐसा कोई भी राज्य नहीं है, जहां यह प्रक्रिया नहीं हो रही हो। उनका कहना है कि वोटर लिस्ट से इस तरह नाम हटाने की प्रक्रिया नहीं होनी चाहिए।
कोच्चि एयरपोर्ट पर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए अभिजीत दीपके ने कहा कि यह जनता का विरोध प्रदर्शन है। उन्होंने बताया कि वह आयोजकों और अभिनेता प्रकाश राज के निमंत्रण पर इस कार्यक्रम में शामिल होने आए हैं।
दीपके ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उनकी लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक भारत में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रणाली स्थापित नहीं हो जाती। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए पश्चिम बंगाल का भी जिक्र किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में भी ऐसा ही हुआ था, जब बीजेपी चुनाव जीती थी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयुक्त को मुख्यमंत्री का मुख्य सचिव नियुक्त कर दिया गया था। दीपके के मुताबिक, चुनाव व्यवस्था की निष्पक्षता से जुड़े मामलों में ऐसी चीजों को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
इस विरोध प्रदर्शन को लेकर अभिनेता प्रकाश राज ने भी लोगों से शनिवार को कोच्चि में जुटने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।
अभिजीत दीपके के अलावा सौरव दास और आशुतोष रांका भी प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कोच्चि पहुंचे हैं। यह कार्यक्रम SIR प्रक्रिया के विरोध में आयोजित किया गया है।
दूसरी ओर, बीजेपी प्रवक्ता केवीएस हरिदास ने इस कार्यक्रम को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि क्या केरल सरकार को इस तरह के कार्यक्रम का समर्थन करना चाहिए?
हरिदास ने अपने सवाल के समर्थन में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह की ओर से कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर लगाए गए आरोपों का हवाला दिया। जितेंद्र सिंह ने दावा किया था कि एक नेता को कथित तौर पर अमेरिका में मौजूद भारत विरोधी ताकतों से फंडिंग मिली, जबकि दूसरे नेता को कथित तौर पर पाकिस्तान के राजनेताओं से पैसा मिला।
बीजेपी प्रवक्ता ने इन आरोपों को गंभीर बताते हुए केरल पुलिस और राज्य सरकार से अपील की है कि ऐसे लोगों को केरल में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।