होम Kulgam Terror Attack: CRPF के 3 जवान घायल, कांग्रेस ने अमित शाह से पूछा सवाल; AAP ने खुफिया तंत्र को बताया विफल

समाचारदेशराजनीति Alert Star Digital Team Nov 11, 2026 07:02 PM

Kulgam Terror Attack: CRPF के 3 जवान घायल, कांग्रेस ने अमित शाह से पूछा सवाल; AAP ने खुफिया तंत्र को बताया विफल

बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने सुरक्षाकर्मियों पर अंधाधुंध फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। इस हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के तीन जवान घायल हो गए।

Kulgam Terror Attack: CRPF के 3 जवान घायल, कांग्रेस ने अमित शाह से पूछा सवाल; AAP ने खुफिया तंत्र को बताया विफल

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को दिनदहाड़े आतंकियों ने CRPF के नाके को निशाना बनाया। बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने सुरक्षाकर्मियों पर अंधाधुंध फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। इस हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के तीन जवान घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अनंतनाग जिले के जीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है।

इस घटना के बाद कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP), पीडीपी और बीजेपी नेताओं ने भी हमले को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं।

कुलगाम हमले पर कांग्रेस ने अमित शाह से मांगा जवाब

कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कुलगाम के मीर बाजार में CRPF जवानों पर हुए हमले को बेहद परेशान करने वाला बताया। उन्होंने घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए आतंकवाद और हिंसा के खतरे को देश से हमेशा के लिए खत्म करने की उम्मीद जताई। साथ ही उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से सवाल किया कि 2019 में अनुच्छेद 370 हटाने के बाद आतंकवाद पूरी तरह खत्म होने का दावा करने पर अब उनका क्या कहना है।

पवन खेड़ा ने गृह मंत्रालय पर उठाए सवाल

पवन खेड़ा ने कहा, 'सात साल बाद जब कुलगाम के एक खुले बाजार में CRPF की टुकड़ी पर आतंकी हमला होता है तो यह साफ हो जाता है कि 5 अगस्त 2019 को किए गए बदलाव अपने तय लक्ष्य को हासिल करने में नाकाम रहे हैं. ऐसे में 2019 में किए गए अपने बड़े-बड़े वादों के बारे में गृह मंत्री का क्या कहना है? क्या वे तब झूठ बोल रहे थे, या फिर उसके बाद से उनका काम बेहद निराशाजनक रहा है? जो भी हो, वे भारत के गृह मंत्री बने रहने के लायक नहीं हैं.'

AAP ने सुरक्षा और खुफिया तंत्र को बताया विफल

जम्मू-कश्मीर आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष और डोडा से विधायक मेहराज मलिक ने भी इस हमले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।

मेहराज मलिक ने लिखा, 'कुलगाम में दिनदहाड़े हुआ आतंकी हमला इस बात का स्पष्ट संकेत है कि जमीनी स्तर पर सुरक्षा और खुफिया तंत्र विफल रहे हैं. हमारे घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं.'

महबूबा मुफ्ती ने की हमले की निंदा

जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने भी कुलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा की। उन्होंने कहा, 'इस तरह की घटनाओं की किसी भी तरह से स्वीकार नहीं किया जा सकता है.' इसके साथ ही उन्होंने हमले में घायल हुए CRPF जवानों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

बीजेपी ने कश्मीर का माहौल बिगाड़ने की साजिश बताया

बीजेपी नेता रविंद्र रैना ने इस हमले को कश्मीर में शांति और सामान्य स्थिति को प्रभावित करने की साजिश करार दिया। उन्होंने कहा, ‘ये कश्मीर के हालात को खराब करने की फिर से साजिश हो रही है. यह हमला कश्मीर और कश्मीरी लोगों के खिलाफ साजिश है. जब भी कश्मीर के अंदर हालात साजगार होते हैं, जब भी कश्मीर के लोग खुले आसमान के नीचे सांस लेते हैं, उसी वक्त इस तरह से दहशतगर्दाना हमले होते हैं. जब-जब कश्मीर में अमन और शांति आती है, उस वक्त पाकिस्तान के आतंकी इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम देकर कश्मीर का माहौल खराब करने की कोशिश और साजिश करते हैं.’

Alert Star Digital Team

Alert Star Digital Team

एलर्ट स्टार नाम की पत्रिका और फिर समाचार-पत्र का जन्म हुआ। हमारा प्रयास कि हम निष्पक्ष और निडर पत्रकारिता का वह स्वरूप अपने पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करे। जो लोगो के मन मस्तिष्क में एक भरोसे के रूप में काबिज हो।

Read More Articles

Leave A comment

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।

Recent Updates

Most Popular

(Last 14 days)