होम Jagdeep Dhankhar Health: मॉर्निंग वॉक के दौरान अचानक बेहोश हुए पूर्व उपराष्ट्रपति, AIIMS में भर्ती; कार्डियो-न्यूरो सेंटर में चल रहा इलाज
देश के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। मॉर्निंग वॉक के दौरान वह बेहोश होकर गिर पड़े और कुछ मिनटों तक होश में नहीं आए।
देश के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। मॉर्निंग वॉक के दौरान वह बेहोश होकर गिर पड़े और कुछ मिनटों तक होश में नहीं आए। घटना के बाद उनके सुरक्षाकर्मी उन्हें तुरंत पीसीआर वाहन से घर लेकर पहुंचे। इसके बाद मेडिकल टीम ने उनका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन स्वास्थ्य की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराने की सलाह दी। फिलहाल उनका इलाज एम्स में चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, घर पर इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलीरी साइंसेज (ILBS) की मेडिकल टीम और एम्स के वरिष्ठ डॉक्टर संदीप सेठ ने पहुंचकर उनका शुरुआती इलाज किया। इसके बाद उन्हें एम्बुलेंस के जरिए एम्स ले जाया गया।
पूर्व उपराष्ट्रपति के स्वास्थ्य को लेकर एम्स प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। हालांकि, न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, जगदीप धनखड़ को एम्स के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती कराया गया है। यहां कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।
फिलहाल उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
जगदीप धनखड़ की तबीयत पहले भी बिगड़ चुकी है। इससे पहले 10 जनवरी को वह वॉशरूम में दो बार बेहोश हो गए थे। इसके बाद उन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां जरूरी मेडिकल जांच के साथ उनका एमआरआई (MRI) स्कैन भी किया गया था।
लगातार खराब होती सेहत और डॉक्टरों की चिकित्सकीय सलाह का हवाला देते हुए जगदीप धनखड़ ने भारत के 14वें उपराष्ट्रपति पद से अचानक इस्तीफा दे दिया था। उनके इस फैसले ने उस समय राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में काफी चर्चा बटोरी थी।
जगदीप धनखड़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अपने इस्तीफे की जानकारी दी थी। उन्होंने अपने संदेश में लिखा था, 'आदरणीय राष्ट्रपति जी, स्वास्थ्य सेवा को प्राथमिकता देने और चिकित्सीय सलाह का पालन करने के लिए मैं संविधान के अनुच्छेद 67(ए) के अनुसार तत्काल प्रभाव से भारत के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देता हूं. मैं भारत की राष्ट्रपति के प्रति उनके अटूट समर्थन और मेरे कार्यकाल के दौरान हमारे बीच बने सुखद और अद्भुत कार्य संबंधों के लिए अपनी हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करता हूं.'
उन्होंने आगे कहा कि मैं प्रधानमंत्री और सम्मानित मंत्रिपरिषद के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त करता हूं.
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।