होम शाहजहांपुर पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी: 40 लाख के 201 गुम मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाए
शाहजहांपुर पुलिस ने गुम और खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। सर्विलांस सेल, एसओजी और साइबर हेल्प डेस्क की संयुक्त टीम ने 201 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
शाहजहांपुर। शाहजहांपुर पुलिस ने गुम और खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। सर्विलांस सेल, एसओजी और साइबर हेल्प डेस्क की संयुक्त टीम ने 201 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है। बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बरामद सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। अपने खोए हुए मोबाइल फोन पाकर लोगों ने शाहजहांपुर पुलिस की कार्यशैली की जमकर सराहना की और पुलिस टीम का आभार जताया।
मोबाइल वितरण कार्यक्रम के दौरान एक बेहद भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला। भीड़ में मौजूद एक बहन को जब उसका खोया हुआ मोबाइल फोन वापस मिला तो उसकी आंखों से आंसू छलक पड़े। दरअसल, वह मोबाइल उसके दिवंगत भाई का था, जो उसके लिए भाई की आखिरी निशानी के रूप में बेहद कीमती था।
मोबाइल चोरी होने के बाद से वह काफी परेशान थी। जब पुलिस ने उसका मोबाइल खोजकर वापस किया तो वह अपने आंसू नहीं रोक सकी। उसने पुलिस टीम के सामने हाथ जोड़कर आभार व्यक्त किया और भावुक होकर कहा कि पुलिस ने उसे सिर्फ मोबाइल नहीं, बल्कि उसके भाई की यादें लौटा दी हैं।
इस मार्मिक दृश्य को देखकर कार्यक्रम में मौजूद अन्य लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने लोगों से अपील की कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाता है तो उसकी शिकायत भारत सरकार के CEIR पोर्टल पर जरूर दर्ज कराएं। इसके साथ ही तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या अपने नजदीकी थाने पर सूचना दें, ताकि समय रहते मोबाइल को ट्रेस कर बरामद करने की कार्रवाई की जा सके।
CEIR पोर्टल: https://www.ceir.gov.in साइबर हेल्पलाइन: 1930
शाहजहांपुर पुलिस की इस कार्रवाई से जहां 201 लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस मिले, वहीं एक बहन को अपने दिवंगत भाई की अनमोल याद भी वापस मिल गई।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।