होम राजनाथ सिंह का वायुसेना को बड़ा निर्देश! भविष्य के युद्ध में दुश्मन को चौंकाने के लिए तैयार रहेगी Indian Air Force
12 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित वायुसेना कमांडर्स कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बदलती युद्ध परिस्थितियों में अचानक हमला करने की क्षमता और दुश्मन के अप्रत्याशित कदमों से निपटने की तैयारी बेहद जरूरी है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय वायुसेना को अपनी आक्रामक और रक्षात्मक क्षमताओं को लगातार मजबूत करने का निर्देश दिया है। 12 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित वायुसेना कमांडर्स कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बदलती युद्ध परिस्थितियों में अचानक हमला करने की क्षमता और दुश्मन के अप्रत्याशित कदमों से निपटने की तैयारी बेहद जरूरी है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि "दुश्मन को आश्चर्यचकित कर देने वाली कार्रवाई, किसी अप्रत्याशित कदम से निपटने की तैयारी भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहद जरूरी हैं." उन्होंने आधुनिक युद्ध की रणनीति पर जोर देते हुए कहा कि "भविष्य के युद्ध केवल लड़ाकू विमानों की संख्या से नहीं, बल्कि तकनीकी श्रेष्ठता, तेजी से जवाब देने की क्षमता और सटीक तैयारी से जीते जाएंगे."
राजनाथ सिंह ने भारतीय वायुसेना की डिजिटल और तकनीकी क्षमताओं को मजबूत करने के लिए विकसित किए गए एआई आधारित कई नए प्रयोगों की शुरुआत भी की। उन्होंने कहा कि आधुनिक युद्ध का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और अब सैन्य संघर्ष केवल पारंपरिक युद्धक्षेत्र तक सीमित नहीं रह गए हैं। मिसाइलों, ड्रोन और अत्याधुनिक हथियार प्रणालियों के इस्तेमाल से युद्ध के नए तरीके सामने आ रहे हैं।
रक्षा मंत्री ने रूस-यूक्रेन और इजरायल-हमास संघर्षों का उदाहरण देते हुए कहा कि इन युद्धों में ड्रोन और वायु रक्षा प्रणालियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है। ऐसे में भारतीय वायुसेना को आत्मघाती ड्रोन, निगरानी और ड्रोन रोधी अभियानों जैसी उभरती चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार रहना होगा।
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय वायुसेना को इलेक्ट्रॉनिक युद्ध, साइबर और अंतरिक्ष जैसे नए क्षेत्रों में भी अपनी रणनीति और क्षमताओं को विकसित करना चाहिए। भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में इन क्षेत्रों की तैयारी निर्णायक साबित हो सकती है।
उन्होंने वायुसेना के कमांडरों से अपील की कि नई तकनीकों को सैन्य योजना, प्रशिक्षण और अभियानों का अहम हिस्सा बनाया जाए। इसके साथ ही खुफिया जानकारी जुटाने और निगरानी करने की क्षमताओं को भी मजबूत करने की जरूरत बताई, ताकि दुश्मन की गतिविधियों और संभावित खतरों का समय रहते पता लगाया जा सके।
राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान और उसके बाद भारतीय वायुसेना के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि वायुसेना ने इस अभियान में अपने सिद्धांतों और सैन्य रणनीतियों को प्रभावी तरीके से लागू किया। वायु योद्धाओं ने निर्धारित जिम्मेदारियों को पेशेवर अंदाज में पूरा करते हुए संयम और सूझबूझ का परिचय दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि ऑपरेशन सिंदूर से मिले अनुभव वायुसेना की बदलती कार्यप्रणाली में दिखाई दे रहे हैं। खासतौर पर ड्रोन और वायु रक्षा प्रणालियों पर बढ़ता ध्यान देश की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
रक्षा मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान थलसेना, नौसेना और वायुसेना के बीच बने बेहतरीन तालमेल की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि तीनों सेनाओं ने मिलकर अपनी क्षमताओं का प्रभावी इस्तेमाल किया। भविष्य में भी सैन्य योजनाओं और अभियानों को संयुक्तता तथा एकीकृत प्रयासों के आधार पर आगे बढ़ाने की जरूरत है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।