होम Rajasthan Panchayat Election Results: कांग्रेस ने BJP पर बनाई बढ़त, मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी और दोनों बेटे हारे

प्रादेशिकीराजस्थान Alert Star Digital Team Nov 20, 2026 06:57 PM

Rajasthan Panchayat Election Results: कांग्रेस ने BJP पर बनाई बढ़त, मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी और दोनों बेटे हारे

राजस्थान के 37 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना शुक्रवार को जारी रही। शुरुआती नतीजों में कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) से अधिक सीटें हासिल की हैं।

Rajasthan Panchayat Election Results: कांग्रेस ने BJP पर बनाई बढ़त, मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी और दोनों बेटे हारे

राजस्थान के 37 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना शुक्रवार को जारी रही। शुरुआती नतीजों में कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) से अधिक सीटें हासिल की हैं। इस चुनाव में बीजेपी के कई नेताओं के परिवार के सदस्यों को हार का सामना करना पड़ा है। सीकर में शहरी विकास एवं आवास मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी और उनके दोनों बेटे पंचायत समिति का चुनाव हार गए।

अधिकारियों के मुताबिक, मतगणना शुक्रवार सुबह 8 बजे शुरू हुई। दोपहर 3:30 बजे तक पंचायत समिति की कुल 7,543 सीटों में से 6,426 सीटों के परिणाम घोषित हो चुके थे। इनमें कांग्रेस ने 3,191 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि बीजेपी को 1,909 सीटें मिलीं।

पंचायत चुनावों में कांग्रेस, BJP और अन्य दलों का प्रदर्शन

पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने 445 सीटें हासिल कीं। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को 50, बहुजन समाज पार्टी (BSP) को 47 और भारत आदिवासी पार्टी (BAP) को 241 सीटों पर जीत मिली। वहीं, निर्दलीय उम्मीदवारों ने 541 सीटों पर कब्जा किया।

जिला परिषद सदस्यों के चुनाव में दोपहर 3:30 बजे तक 275 नतीजे घोषित किए गए थे। इनमें कांग्रेस ने 167 और बीजेपी ने 93 सीटें जीतीं। माकपा के खाते में पांच, आरएलपी के खाते में चार और निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में पांच सीटें गईं।

मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी और दोनों बेटों को हार

सीकर में राजस्थान सरकार के मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार को पंचायत समिति चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। उनकी पत्नी शांति देवी ने वार्ड संख्या 17 से बीजेपी उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था, जबकि उनके बेटे अजय सिंह वार्ड 20 से मैदान में थे। दोनों को हार मिली।

मंत्री खर्रा के दूसरे बेटे दुर्गा सिंह ने वार्ड संख्या 19 से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था। उन्हें भी जीत नहीं मिली।

चूरू में बीजेपी नेता राजेंद्र राठौड़ के बेटे-बहू जीते

चूरू में बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ के परिवार के लिए नतीजे अलग रहे। उनके बेटे पराक्रम सिंह राठौड़ और बहू कनिका सिंह ने जिला परिषद चुनाव में जीत दर्ज की।

पराक्रम सिंह राठौड़ ने वार्ड संख्या 39 से 17,861 मतों के अंतर से जीत हासिल की। वहीं, कनिका सिंह ने वार्ड संख्या 23 से 2,384 वोटों के अंतर से चुनाव जीता।

37 जिलों में 8,818 पदों के लिए हुआ चुनाव

राजस्थान के 41 जिलों में से 37 जिलों में जिला परिषद के 1,275 सदस्य पदों और पंचायत समितियों के 7,543 सदस्य पदों के लिए चुनाव कराए गए। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, जिला परिषद सदस्य के 1,275 पदों के लिए कुल 4,069 उम्मीदवार मैदान में थे। वहीं, 419 पंचायत समितियों के 7,543 वार्डों के लिए 25,108 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा।

चार चरणों में हुआ था मतदान

इन पदों के लिए 22 अक्टूबर, 28 अक्टूबर, 3 नवंबर और 14 नवंबर को चार चरणों में मतदान कराया गया था। इस दौरान राज्य के 41,480 मतदान केंद्रों पर 2.48 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर को छोड़कर बाकी 37 जिलों में मतगणना कराई जा रही है। इन चार जिलों में मतगणना 17 दिसंबर तक टाल दी गई है, क्योंकि मौजूदा जिला परिषदों और पंचायत समितियों का पांच साल का कार्यकाल दिसंबर में पूरा हो रहा है।

नवनिर्वाचित जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य बाद में अपने-अपने निकायों के प्रमुखों का चुनाव करेंगे। जिला परिषद प्रमुखों के चुनाव 25 नवंबर और उप-जिला प्रमुखों के चुनाव 26 नवंबर को होने हैं। पंचायत समिति प्रधानों का चुनाव 27 नवंबर और उप-प्रधानों का चुनाव 28 नवंबर को कराया जाएगा।

वहीं, जिन चार जिलों में मतगणना स्थगित की गई है, वहां जिला प्रमुख और उप-जिला प्रमुख के चुनाव क्रमशः 22 और 23 दिसंबर को होंगे। पंचायत समिति प्रधानों और उप-प्रधानों का चुनाव 24 और 25 दिसंबर को कराया जाएगा।

Alert Star Digital Team

Alert Star Digital Team

एलर्ट स्टार नाम की पत्रिका और फिर समाचार-पत्र का जन्म हुआ। हमारा प्रयास कि हम निष्पक्ष और निडर पत्रकारिता का वह स्वरूप अपने पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करे। जो लोगो के मन मस्तिष्क में एक भरोसे के रूप में काबिज हो।

Read More Articles

Leave A comment

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।

Recent Updates

Most Popular

(Last 14 days)