होम यूपी में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की तैयारी, योगी सरकार शुरू करेगी ‘आयुष्मान गुणवत्ता यात्रा’, अस्पतालों को मिलेगा बड़ा फायदा
उत्तर प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए योगी सरकार नई पहल करने जा रही है। प्रदेशभर में ‘आयुष्मान गुणवत्ता यात्रा’ अभियान शुरू करने की तैयारी है।
उत्तर प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए योगी सरकार नई पहल करने जा रही है। प्रदेशभर में ‘आयुष्मान गुणवत्ता यात्रा’ अभियान शुरू करने की तैयारी है। इसके जरिए आयुष्मान योजना के दायरे में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले अधिक से अधिक अस्पतालों को जोड़ा जाएगा। साथ ही, पहले से योजना में सूचीबद्ध अस्पतालों को भी राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
योगी सरकार का मानना है कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने का मतलब केवल अस्पतालों और बेड की संख्या बढ़ाना नहीं है। मरीजों को सुरक्षित उपचार, बेहतर सुविधाएं और भरोसेमंद चिकित्सा सेवाएं मिलना भी उतना ही जरूरी है। इसी उद्देश्य से प्रस्तावित अभियान के तहत अस्पतालों को गुणवत्ता आधारित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इससे आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को बेहतर इलाज के लिए अधिक अस्पतालों का विकल्प मिल सकेगा।
स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में ‘आयुष्मान गुणवत्ता यात्रा’ नाम से विशेष अभियान शुरू करने की पहल की गई है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य उन अस्पतालों को आयुष्मान भारत योजना के तहत सूचीबद्ध करना है, जिन्हें नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स एंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स (एनएबीएच) से मान्यता प्राप्त है। प्रदेश में कई ऐसे अस्पताल हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर तय गुणवत्ता मानकों के अनुसार अपनी चिकित्सा सेवाओं और सुविधाओं को विकसित किया है, लेकिन अभी तक वे आयुष्मान भारत योजना से नहीं जुड़े हैं।
अभियान के तहत ऐसे अस्पतालों की पहचान की जाएगी और उन्हें योजना में एम्पैनलमेंट के लिए आमंत्रित करने के साथ प्रोत्साहित भी किया जाएगा। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन को योजना से जुड़ने की प्रक्रिया और जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे आयुष्मान लाभार्थियों को बेहतर सुविधाओं वाले अस्पतालों में इलाज कराने का अवसर मिलेगा और योजना के तहत गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं देने वाले संस्थानों की संख्या भी बढ़ेगी।
अर्चना वर्मा ने बताया कि ‘आयुष्मान गुणवत्ता यात्रा’ का मकसद सिर्फ नए अस्पतालों को योजना से जोड़ना नहीं है। इसके जरिए पहले से आयुष्मान भारत योजना में शामिल अस्पतालों की चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा। मौजूदा अस्पतालों को एनएबीएच मान्यता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
अस्पतालों को राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के मुताबिक अपनी चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों की सुरक्षा और उपचार व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके तहत अस्पतालों को गुणवत्ता मानकों की जानकारी दी जाएगी और उन क्षेत्रों की पहचान की जाएगी, जहां सुधार की जरूरत है। साथ ही, एनएबीएच प्रमाणन हासिल करने की प्रक्रिया के बारे में भी अस्पताल प्रबंधन को विस्तार से समझाया जाएगा।
इस पहल के माध्यम से अस्पतालों में गुणवत्ता सुधार की निरंतर प्रक्रिया विकसित करने पर जोर रहेगा। उम्मीद है कि इससे मरीजों को इलाज के दौरान बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा अस्पतालों की जवाबदेही और उनकी सेवा व्यवस्था के मानकों में भी सुधार हो सकेगा।
‘आयुष्मान गुणवत्ता यात्रा’ के तहत अस्पतालों, चिकित्सा विशेषज्ञों और संबंधित संस्थाओं के साथ संवाद और जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनके माध्यम से अस्पतालों को गुणवत्ता आधारित स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरत और राष्ट्रीय मानकों को अपनाने के फायदों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
अभियान में इस बात पर भी जोर दिया जाएगा कि गुणवत्ता प्रमाणन केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, उपचार व्यवस्था को बेहतर बनाने और अस्पतालों की कार्यप्रणाली में सुधार लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। एनएबीएच मान्यता से अस्पतालों को अपनी चिकित्सा सेवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित मानकों के अनुरूप विकसित करने में मदद मिलेगी।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।