होम PM Modi का बड़ा संदेश: अब कोट-पैंट वालों से ज्यादा हुनरमंदों की बढ़ेगी मांग, ITI छात्रों को लेकर कही बड़ी बात

समाचारदेशराजनीति Alert Star Digital Team Nov 21, 2026 07:51 PM

PM Modi का बड़ा संदेश: अब कोट-पैंट वालों से ज्यादा हुनरमंदों की बढ़ेगी मांग, ITI छात्रों को लेकर कही बड़ी बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लखनऊ में आयोजित 5वें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए युवाओं, कौशल विकास और हुनरमंद लोगों के महत्व पर जोर दिया.

PM Modi का बड़ा संदेश: अब कोट-पैंट वालों से ज्यादा हुनरमंदों की बढ़ेगी मांग, ITI छात्रों को लेकर कही बड़ी बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लखनऊ में आयोजित 5वें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए युवाओं, कौशल विकास और हुनरमंद लोगों के महत्व पर जोर दिया. खुद को उत्तर प्रदेश का सांसद बताते हुए उन्होंने कहा कि देशभर से आए युवा साथियों का स्वागत करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है. प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में कोट-पेंट पहनकर चलने वालों से ज्यादा हुनर वालों की मांग बढ़ने वाली है.

इस दौरान पीएम मोदी ने सोने की खरीदारी कम करने की अपनी अपील का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि देशवासियों ने उनकी सलाह को स्वीकार किया और इससे लोगों के पैसे बचे.

सोना कम खरीदने की अपील का पीएम मोदी ने किया जिक्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'एक साल पहले मैंने देशवासियों से आग्रह किया था कि यदि बहुत जरूरी न हो, तो कृपया एक साल के लिए सोना न खरीदें. मुझे इस बात की खुशी है कि जिस तरह लाल बहादुर शास्त्री जी ने देशवासियों से एक समय का भोजन छोड़ने का आह्वान किया था और पूरे देश ने उनकी बात मानी थी, मेरे देश का चरित्र आज भी वैसा ही है. मुझ जैसे एक सामान्य व्यक्ति ने कम सोना खरीदने को कहा, देशवासियों ने सोना कम खरीदा और सोने के दाम गिर गए. आज लोग मुझे बता रहे हैं, मोदी जी, आपने कहा, हमने आपकी सलाह मानी और हमारे पैसे बच गए.'

IIT और ITI दोनों देश की असली संपत्ति: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में IIT और ITI के महत्व को समान बताते हुए कहा कि दोनों संस्थान देश की ताकत और भविष्य हैं. उन्होंने कहा, 'मैं आज सुबह दिल्ली से निकलकर बंगाल गया था, जहां मेरा पहला कार्यक्रम भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) में था. मैं जिस ऊर्जा, सपनों, आशाओं और आकांक्षाओं के साथ आईआईटी के छात्रों के बीच गया था, आज उसी उत्साह और उमंग के साथ औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) के छात्रों के बीच आया हूं. मेरे लिए चाहे वह आईआईटी हो या आईटीआई, ये दोनों ही मेरे देश की असली संपत्ति हैं, देश का सामर्थ्य हैं और देश का भविष्य हैं.'

उन्होंने आगे कहा, 'चाहे आईआईटी हो या आईटीआई हो... मेरे लिए तो यही मेरे देश की अमानत है. यही मेरे देश का सामर्थ्य है और यही मेरे देश का भविष्य है. आईटीआई में पढ़ते हुए जो आपने हुनर सीखा है, वो अब विकसित भारत की बड़ी ऊर्जा है. भारत में कौशल व्यवस्था की तबाही में एक और बात का दोष रहा.'

'आक्रांताओं ने भारतीय हुनर को किया तबाह'

पीएम मोदी ने भारत के पारंपरिक कौशल और कारीगरों के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा, 'जब हमारे देश में आक्रांता आए, हमारा देश स्वर्णिम युग लेकर दुनिया के लिए आकर्षण का भी केंद्र था और ईर्ष्या का भी केंद्र था. जब वे (आक्रांता) भारत में आए तो उन्होंने सबसे पहली चोट हुनर पर की. हमारे जो ऐसे कारिगर हुआ करते थे, कोई चीज बना लें और वो सबसे ज्यादा अच्छी बने तो बनाने वाले के अंगूठे काट दिए जाते थे. क्यों? क्योंकि उन आक्रांताओं को पता था कि हुनर ही है, हाथों में जो कौशल है वही भारत को महान और समृद्ध बना रहा है, इसलिए उसकी शक्ति नष्ट करनी है तो अंगूठे काट दो.'

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि अंग्रेजों ने भी भारत की कौशल व्यवस्था को कमजोर करने के लिए अलग तरीका अपनाया. उन्होंने कहा, 'बाद में अंग्रेज आए तो उन्होंने तरीका बदला. उन्होंने देश के लोगों पर (मैकाले ने) एक ऐसी शिक्षा व्यवस्था थोपनी शुरू की, जिसमें कौशल आधारित हमारी व्यवस्था सिर्फ कागजी क्लर्क बनाने तक सीमित हो गई. अंग्रेजों ने भी भारत में कौशल को तबाह करके अपने यहां इंडस्ट्री को आगे बढ़ाया. यहां से सारी चीजें ले गए और समय के साथ अंग्रेजों के कागजी काम को सम्मान के साथ देखा जाने लगा.'

ITI में दाखिले को लेकर समाज की सोच बदलना चाहते हैं पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में कौशल आधारित शिक्षा को लंबे समय तक वह सम्मान नहीं मिला, जिसका वह हकदार है. उन्होंने ITI में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के परिवारों की सोच का उदाहरण देते हुए कहा, 'हमारे समाज की स्थिति ऐसी है कि अगर कोई बच्चा ITI में दाखिल होता है तो उसके मां-बाप रिश्तेदारों को बताते नहीं हैं, ऐसी परिस्थिति पैदा हो गई, लेकिन मैंने ठान लिया है कि मुझे इस परिस्थिति को बदलना है. जितना सम्मान आईआईटी के लोगों को होगा, उतना ही सम्मान मेरे आईटीआई के बच्चों का भी होगा.'

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के जरिए कौशल आधारित शिक्षा को सम्मान देने और हुनरमंद युवाओं को देश के विकास की महत्वपूर्ण ताकत बनाने का संदेश दिया.

Alert Star Digital Team

Alert Star Digital Team

एलर्ट स्टार नाम की पत्रिका और फिर समाचार-पत्र का जन्म हुआ। हमारा प्रयास कि हम निष्पक्ष और निडर पत्रकारिता का वह स्वरूप अपने पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करे। जो लोगो के मन मस्तिष्क में एक भरोसे के रूप में काबिज हो।

Read More Articles

Leave A comment

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।

Recent Updates

Most Popular

(Last 14 days)