होम UP Election 2027: ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन पर केशव मौर्य का हमला, बोले- जनता को भ्रमित नहीं कर पाएगा ठगबंधन
यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस गठबंधन पर निशाना साधते हुए इसे ठगबंधन करार दिया है।
उत्तर प्रदेश में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस गठबंधन पर निशाना साधते हुए इसे 'ठगबंधन' करार दिया है। उन्होंने कहा कि जनता अब ऐसे गठबंधनों के बहकावे में आने वाली नहीं है। साथ ही मौर्य ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य लखनऊ में बीजेपी की बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। यहां उन्होंने ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बीजेपी आगामी विधानसभा चुनाव को गंभीरता से ले रही है और पार्टी ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विपक्षी दल चाहे जितने भी गठबंधन कर लें, वे जनता को गुमराह करने में सफल नहीं होंगे। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के गठबंधन के साथ-साथ ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर भी निशाना साधा।
डिप्टी सीएम ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी यूपी चुनाव को गंभीरता से ले रही हैं. हम अभी से चुनाव की तैयारी में जुट गए हैं. विरोधी जितने भी चाहे वो चाहे कांग्रेस और सपा वाला ठगबंधन हो या ओवैसी-चंद्रशेखर वाला ठगबंधन हो ये जब जनता को भ्रमित करने में सफल नहीं होंगे, इन सबकी सच्चाई जनता के सामने है."
बीजेपी की चुनावी तैयारियों का जिक्र करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जनता का भरोसा पार्टी के साथ है और बीजेपी एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उनसे जब यूपी में मतदाता सूची से नाम कटने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि मतदाता कहीं नहीं गए हैं। यदि किसी का नाम छूट गया होगा तो उसे दोबारा शामिल कराने के लिए मतदाता, बीजेपी और संगठन अपनी भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने दोहराया कि बीजेपी प्रदेश में फिर से पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने की तैयारी में जुटी हुई है।
मेरठ से बीजेपी सांसद अरुण गोविल ने भी ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले अभी कई राजनीतिक समीकरण बनेंगे और गठबंधन होंगे। अरुण गोविल ने कहा, "अभी देखते हुए जाइए, अभी तो चुनाव में बहुत कुछ होगा. चुनाव में ऐसे गठबंधन, ऐसे जोड़ बहुत कुछ होगा. जब ये सब चुनाव से पहले ये सब जोड़-घटा हो जाएगा तब पता चलेगा कि कहां क्या क्या होने वाला है."
गौरतलब है कि गुरुवार को असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी ने गठबंधन का ऐलान किया था। इस गठबंधन को 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' नाम दिया गया है। गठबंधन ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। इसके साथ ही चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।