होम परिसीमन बिल पर खरगे के बयान से भड़के किरेन रिजिजू, कांग्रेस से बोले- आने वाली पीढ़ियों के लिए काला दाग मत छोड़िए

समाचारदेशराजनीति Alert Star Digital Team Nov 28, 2026 06:46 PM

परिसीमन बिल पर खरगे के बयान से भड़के किरेन रिजिजू, कांग्रेस से बोले- आने वाली पीढ़ियों के लिए काला दाग मत छोड़िए

परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मोदी सरकार के प्रस्तावित परिसीमन बिल को लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बताया है।

परिसीमन बिल पर खरगे के बयान से भड़के किरेन रिजिजू, कांग्रेस से बोले- आने वाली पीढ़ियों के लिए काला दाग मत छोड़िए

परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मोदी सरकार के प्रस्तावित परिसीमन बिल को लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बताया है। इस पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने पलटवार करते हुए कांग्रेस से विधेयक का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर खरगे को लोकतंत्र में भरोसा ही नहीं है, तो कांग्रेस पार्टी के बारे में क्या कहा जा सकता है?

रिजिजू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कभी लोकतंत्र में विश्वास नहीं किया। हालांकि, उन्होंने कहा कि फिलहाल वह राजनीतिक बयानबाजी नहीं करना चाहते, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के हित में इस विधेयक के लिए सभी दलों का समर्थन मांग रहे हैं।

'इसे राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाना चाहिए'

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार (28 नवंबर, 2026) को मीडिया से बातचीत में कहा, ‘यह बात तो सभी को समझना चाहिए कि हम लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत इस बिल को पारित कराने की अपील कर रहे हैं. इसलिए इसे राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए. मैं विशेष रूप से कांग्रेस पार्टी से अपील करता हूं कि वह राजनीति को छोड़ें.’

उन्होंने महिला आरक्षण और सांसदों-विधायकों की संख्या बढ़ाने के मुद्दे पर भी कांग्रेस से सवाल किया। रिजिजू ने कहा, ‘मैं कभी समझ नहीं पाया कि कांग्रेस विधायकों और सांसदों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का विरोध क्यों करती है. अगर हम देश की महिलाओं को ताकत देने, सशक्त बनाने के साथ विधायकों और सांसदों की संख्या बढ़ाना चाहते हैं, तो कांग्रेस को इससे आपत्ति क्यों है?’

'कई पार्टियों ने कहा कि बिल बहुत अच्छा है'

रिजिजू ने दावा किया कि देश के कई राज्यों की अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों ने परिसीमन विधेयक का समर्थन किया है। उन्होंने कहा, ‘कई राज्यों से अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों ने भी आज यह कहा है कि बिल बहुत अच्छा है. इसमें सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है. इसलिए सभी समर्थन करना चाहते हैं. अब सिर्फ कांग्रेस और उसकी कुछ सहयोगी पार्टियां बची हुई हैं, उनसे भी मैं यह अपील करता हूं कि आप कोई ऐसा काम मत कीजिए जिससे आप आने वाली पीढ़ियों के लिए कालादागी रह जाएं और बदनाम हो जाएं. वो काला दाग आप कभी साफ नहीं कर पाएंगे. इसलिए मैं फिर से अपील करता हूं कि ऐसा कोई काम मत कीजिए.’

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत विधेयक पारित कराना चाहती है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार इसे बिना समर्थन मांगे पारित कराना चाहती तो इस तरह सभी दलों से अपील क्यों करती?

मल्लिकार्जुन खरगे ने परिसीमन बिल को बताया लोकतंत्र के लिए खतरा

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने परिसीमन विधेयक को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक के रुख की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा, ‘इंडिया ब्लॉक के सभी दलों के नेताओं ने मिलकर तय किय है कि मोदी सरकार की तरफ से लाया जा रहा संविधान संशोधन बिल लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा खतरा है. हम इसका विरोध करेंगे.’

खरगे ने संसद की कार्यप्रणाली को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा, ‘हम नहीं चाहते कि भारत की संसद भी चीन की तरह ऐसी संस्था बन जाए, जहां सरकार के इशारे पर सभी हाथ उठाकर हर प्रस्ताव को मंजूरी दे दें. हमें आशंका है कि इसके जरिए RSS-BJP हमेशा के लिए सत्ता अपने हाथों में रखना चाहती है और संविधान की जगह मनुस्मृति की विचारधारा लागू करना चाहती है. इसीलिए हम सभी ने मिलकर इस संविधान संशोधन बिल का विरोध करने का फैसला किया है. यह न SC/ST के हित में है, न देश के हित में और न ही लोकतंत्र के हित में है. यह संशोधन लोकतंत्र को जिंदा रखने के लिए नहीं, बल्कि लोकतंत्र को खत्म करने के लिए लाया जा रहा है.’

परिसीमन विधेयक पर आमने-सामने सरकार और विपक्ष

परिसीमन बिल को लेकर केंद्र सरकार और विपक्षी दलों के बीच मतभेद लगातार सामने आ रहे हैं। सरकार जहां महिला आरक्षण और संसद में प्रतिनिधित्व बढ़ाने के उद्देश्य से विधेयक का समर्थन मांग रही है, वहीं कांग्रेस और उसके सहयोगी दल इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा संवैधानिक संतुलन के लिए खतरा बता रहे हैं।

मल्लिकार्जुन खरगे के विरोध वाले बयान पर किरेन रिजिजू की प्रतिक्रिया के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक टकराव और तेज हो गया है। अब संसद के विशेष सत्र में विधेयक को लेकर होने वाली चर्चा पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Alert Star Digital Team

Alert Star Digital Team

एलर्ट स्टार नाम की पत्रिका और फिर समाचार-पत्र का जन्म हुआ। हमारा प्रयास कि हम निष्पक्ष और निडर पत्रकारिता का वह स्वरूप अपने पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करे। जो लोगो के मन मस्तिष्क में एक भरोसे के रूप में काबिज हो।

Read More Articles

Leave A comment

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।

Recent Updates

Most Popular

(Last 14 days)