होम UP Election 2027: अखिलेश यादव ने PDA प्रणपत्र को घर-घर पहुंचाने का बनाया प्लान, महिलाओं को दी खास जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने अपने पीडीए प्रणपत्र को जनता तक पहुंचाने के लिए खास रणनीति तैयार की है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने अपने पीडीए प्रणपत्र को जनता तक पहुंचाने के लिए खास रणनीति तैयार की है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी के संभावित प्रत्याशियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से घोषणा पत्र की घोषणाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की अपील की है। उन्होंने खासतौर पर महिला कार्यकर्ताओं से महिलाओं के बीच जाकर नौकरी, रोजगार और आर्थिक सहायता से जुड़े वादों की जानकारी देने का आह्वान किया है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पार्टी से जुड़े सभी लोगों से 'जन-मन का मैनिफेस्टो: 2027 अर्थात पीडीए का प्रणपत्र' को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता को घोषणा पत्र की योजनाओं और वादों के बारे में आसान भाषा में बताया जाए, ताकि लोग समझ सकें कि इनसे उन्हें क्या फायदा होगा।
अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन समस्याओं से मुक्ति का रास्ता अपनी पीडीए सरकार बनाना है। उन्होंने कहा, 'अब तक हमने दूसरों की सरकार बनाई है, इस बार 'अपनी पीडीए सरकार' बनाएँगे, हर संकट से मुक्ति पाएँगे.'
अखिलेश यादव ने पार्टी से जुड़ी महिला कार्यकर्ताओं से विशेष रूप से महिलाओं के बीच जाकर सपा के चुनावी वादों की जानकारी देने को कहा है। उन्होंने महिलाओं को सरकार बनने पर हर साल 40,000 रुपये देने, मोबाइल उपलब्ध कराने और पीडीए के उत्थान से जुड़ी योजनाओं के बारे में बताने की अपील की।
इसके साथ ही महिलाओं को उनके बच्चों की शिक्षा के लिए स्कूलों के महत्व और युवाओं के लिए नौकरी तथा रोजगार से जुड़े पार्टी के वादों की जानकारी देने को कहा गया है। सपा अध्यक्ष का मानना है कि इन घोषणाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महिला कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका हो सकती है।
सपा प्रमुख ने अपने संदेश में पीडीए का अर्थ 'पीड़ित, दुखी, अपमानित' बताते हुए लोगों को पार्टी के चुनाव-चिह्न साइकिल का बटन दबाने की याद दिलाने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने आम जनता के लिए पीडीए की एक नई व्याख्या भी पेश की। अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए का मतलब 'पढ़ाई, दवाई, आमदनी' भी है।
बता दें कि समाजवादी पार्टी ने संविधान दिवस के अवसर पर अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किया था। इसमें किसानों, युवाओं, महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लिए कई घोषणाएं की गई हैं। पार्टी ने अपने प्रणपत्र में कानून-व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और महिला सशक्तीकरण से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दी है।
अब सपा नेतृत्व की कोशिश है कि इन घोषणाओं को केवल घोषणा पत्र तक सीमित न रखकर संगठन के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाया जाए। इसके लिए संभावित प्रत्याशियों से लेकर कार्यकर्ताओं और महिला पदाधिकारियों तक को जिम्मेदारी सौंपने की रणनीति बनाई गई है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।