होम महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर जयंत चौधरी का बड़ा बयान, PM मोदी का जताया आभार, जानें क्या कहा?
केंद्रीय कैबिनेट की ओर से महिला आरक्षण और परिसीमन बिल के प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने के बाद राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
केंद्रीय कैबिनेट की ओर से महिला आरक्षण और परिसीमन बिल के प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने के बाद राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने राजनीति में महिलाओं की उचित भागीदारी को अपनी प्रतिबद्धता बताते हुए इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है।
रालोद प्रमुख जयंत चौधरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए कैबिनेट के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कैबिनेट ने Delimitation (परिसीमन) (Second) Bill, 2026 को मंजूरी दी. इसमें हर राज्य की लोकसभा सीटों में 50% की बढ़ोतरी और संसद व विधानसभाओं में 33% महिला आरक्षण का प्रावधान है. राजनीति में महिलाओं की उचित भागीदारी, यही है हमारी प्रतिबद्धता. नारीशक्ति को मिलेगा उनका हक."
जयंत चौधरी के इस बयान को महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने अपने संदेश में राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें उनका अधिकार दिलाने पर जोर दिया।
महिला आरक्षण और परिसीमन बिल लोकसभा तथा राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने और चुनावी क्षेत्रों की सीमाओं के साथ सीटों की संख्या नए सिरे से निर्धारित करने से जुड़े विधेयक हैं। साल 2023 में पारित 106वें संविधान संशोधन यानी नारी शक्ति वंदन अधिनियम में प्रावधान किया गया था कि महिला आरक्षण नई जनगणना और उसके बाद होने वाले परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही लागू होगा।
मार्च 2027 से शुरू होने वाली जनगणना के कारण 2029 के लोकसभा चुनाव में महिला आरक्षण लागू होने की संभावना नहीं बन रही थी। इसी प्रक्रिया को तेज करने के लिए केंद्र सरकार ने संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 प्रस्तावित किए हैं।
इन प्रस्तावों के तहत नई जनगणना का इंतजार किए बिना 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन करने की योजना है। इसके साथ ही सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की लोकसभा तथा विधानसभा सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा गया है।
प्रस्तावित बदलावों के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 550 से बढ़ाकर 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सीमा 500 से बढ़ाकर 650 करने की बात कही गई है। इसके अलावा राज्यों के बीच सीटों का अनुपात वर्ष 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव है।
इन विधेयकों के जरिए 15 वर्षों के लिए 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने का रास्ता तैयार करने की कोशिश की जा रही है।
महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े इन प्रस्तावों को लेकर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने विरोध जताया है। कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी इस विधेयक के जरिए संविधान के साथ खिलवाड़ कर रही है और अपने लिए ऐसा चुनावी मैदान तैयार करना चाहती है, जहां उसे हराना मुश्किल हो जाए।
वहीं, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने परिसीमन प्रस्ताव को बीजेपी की सबसे बड़ी भूल बताया है। आम आदमी पार्टी ने भी इस मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज कराया है। ऐसे में महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव जारी है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।