होम संविधान देश की एकता, अखंडता और नागरिकों के अधिकारों का प्रतीक: सांसद अरुण सागर
ददरौल विधानसभा क्षेत्र स्थित राजकीय महाविद्यालय में संविधान गौरव दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा सांसद अरुण सागर शामिल हुए। इस दौरान महाविद्यालय के पदाधिकारियों एवं उपस्थित लोगों ने उनका स्वागत किया।
शाहजहांपुर। ददरौल विधानसभा क्षेत्र स्थित राजकीय महाविद्यालय में संविधान गौरव दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा सांसद अरुण सागर शामिल हुए। इस दौरान महाविद्यालय के पदाधिकारियों एवं उपस्थित लोगों ने उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अरुण सागर ने भारतीय संविधान के शिल्पकार, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन किया। उन्होंने संविधान की महत्ता, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक समरसता पर अपने विचार रखे। सांसद ने कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता-अखंडता और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि संविधान कितना भी अच्छा क्यों न हो, यदि उसे लागू करने वाले लोग सही नहीं हैं तो वह बुरा साबित हो सकता है। वहीं, संविधान को संचालित करने वाले लोग अच्छे हों तो वही संविधान बेहतर परिणाम दे सकता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज है और योगी सरकार संविधान के आधार पर सभी को उनका हक दिलाने के लिए काम कर रही है।
सांसद ने सामाजिक समानता और आपसी भाईचारे पर जोर देते हुए कहा कि बंधुता के बिना स्वतंत्रता और समानता दिखावा बनकर रह जाती हैं। वास्तविक लोकतंत्र आपसी सम्मान और समानता से ही मजबूत होता है। समाज से जातिगत भेदभाव समाप्त होना चाहिए तथा प्रत्येक नागरिक को सम्मान के साथ आगे बढ़ने का समान अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए शिक्षित एवं संगठित होना जरूरी है। अन्याय के खिलाफ संघर्ष करना चाहिए। सरकार युवाओं और बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में शिक्षा के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं तथा शिक्षा के बाद रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
सांसद अरुण सागर ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ देश के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाया जा रहा है। योजनाओं के लाभ में किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि देश की जनता नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री और योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री के रूप में एक बार फिर देखना चाहती है।
कार्यक्रम के अंत में सांसद ने जिला विद्यालय निरीक्षक श्री हरिवंश, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अलका मेहरा, प्रोफेसर डॉ. रईस अहमद सहित उपस्थित प्रबुद्धजनों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं, पार्टी पदाधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।