होम किसान आंदोलनः ग़ाज़ीपुर, सिंघु और टिकरी बॉर्डर पर बैरिकेडिंग, क्या कह रहे हैं किसान
किसान आंदोलनः ग़ाज़ीपुर, सिंघु और टिकरी बॉर्डर पर बैरिकेडिंग, क्या कह रहे हैं किसान
दिल्ली की सीमा से सटे तीन बॉर्डर ग़ाज़ीपुर, सिंघु और टिकरी पर सोमवार की सुबह से पुलिस प्रशासन से भारी सुरक्षा व्यवस्था की है और रास्ता बंद कर रखा है.
इसके चलते इन तीनों रूटों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति देखने को मिली. इसके अलावा इन तीनों जगहों पर दिल्ली की सीमा की ओर काफ़ी बैरिकेडिंग भी की गई है.
ये तीनों वो जगहें हैं जहां केंद्र सरकार के लाए गए कृषि क़ानून के विरोध में किसान विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं.
तीनों बॉर्डर पर बैरिकेडिंग की क्या स्थिति है और इसको लेकर किसान क्या कुछ कह रहे हैं, पढ़िए -
गाज़ीपुर बॉर्डर से समीरात्मज मिश्र
बीबीसी हिंदी के लिए
ग़ाज़ीपुर बॉर्डर पर चल रहे किसानों के धरना स्थल पर रविवार शाम से ही सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.
यूपी की ओर से दिल्ली जाने वाले सभी रास्तों को कई स्तरों के बाड़े लगाकर बंद कर दिया गया है. यहाँ तक कि पैदल जाने के रास्ते भी बंद कर दिए गए हैं.
पिछले दो महीने से दिल्ली के बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन को कवर रहे वरिष्ठ पत्रकार प्रभाकर मिश्र बताते हैं, "मैं आज सुबह दो घंटे रास्ते तलाशता रहा, इलाक़े के डीसीपी से भी मदद माँगी, उन्होंने मदद करने की कोशिश भी की लेकिन मैं देर तक जाम में फँसा रहा और आगे जाने के लिए भटक रहे तमाम लोगों के साथ रास्ते तलाशता रहा."
दिल्ली से यूपी आने वाले सिर्फ़ एक रास्ते को खुला रखा गया है जो कि आनंद विहार से होते हुए ग़ाज़ियाबाद को आता है. लेकिन यहाँ भी केवल सड़क की एक ओर का रास्ता खुला है और उस पर कई किलोमीटर लंबा जाम लगा है.
इस तरह की घेराबंदी क्यों की गई है, दिल्ली पुलिस के अधिकारी इसका कोई जवाब नहीं दे रहे हैं. वहाँ मौजूद पुलिसकर्मी सिर्फ़ यह जवाब दे रहे हैं कि ऊपर से आदेश है.
गाज़ीपुर में मौजूद कुछ युवाओं का कहना था कि हम लोगों को कहा गया है कि इसके आगे कोई जा नहीं सकता और हम लोगों को इसकी निगरानी के लिए तैनात किया गया है.
ग़ाज़ीपुर बॉर्डर पर किसानों के दोबारा जुटने के बाद से वहाँ भीड़ बढ़ती जा रही है. वहाँ मौजूद किसानों का कहना है कि आगे भी टेंट न बढ़ने पाएँ, इसलिए पुलिस ने इतनी कड़ी सुरक्षा कर रखी हैं.
इस इलाक़े के ज़्यादातर लोग दिल्ली में काम करते हैं और वसुंधरा, वैशाली, इंदिरापुरम, कौशांबी में रहते हैं. सड़कें बंद कर देने के कारण लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।