होम भूकंप से दहला इंडोनेशिया, 42 की मौत और 820 घायल; सैकड़ों घर भी तबाह
भूकंप से दहला इंडोनेशिया, 42 की मौत और 820 घायल; सैकड़ों घर भी तबाह
दक्षिण पूर्व एशियाई देश इंडोनेशिया का सुलावेसी द्वीप गुरुवार देर रात आए शक्तिशाली भूकंप से दहल गया। भूकंप के चलते 42 लोगों की मौत हो गई और 820 लोगों के घायल होने की खबर है। 6.2 की तीव्रता वाले भूकंप के चलते सैकड़ों घर तबाह हो गए हैं। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई है। भूकंप को करीब सात सेकेंड तक महसूस किया गया।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भूकंप के और तेज झटके लग सकते हैं। इससे सुनामी का खतरा बढ़ सकता है।अधिकारियों के अनुसार, भूकंप का केंद्र पश्चिम सुलावेसी प्रांत के मामुजु में दस किलोमीटर की गहराई में था। गुरुवार देर रात करीब डेढ़ बजे भूकंप के तेज झटके महसूस होने पर हजारों लोग घरों से भागकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए। भूकंप से 300 से ज्यादा घर और दो होटल क्षतिग्रस्त हो गए। एक अस्पताल और क्षेत्रीय गवर्नर के दफ्तर को भी नुकसान पहुंचा है। कुछ पुल भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई है। राष्ट्रीय आपदा राहत एजेंसी के अनुसार, माजीन और समीप के मामुजु जिले में 42 लोगों की जान गई है। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। राहत और बचाव कार्य जारी है। 820 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। और भूकंप आने की आशंका में करीब 15 हजार लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण ली है। भूकंप के चलते कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं भी हुई।
इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों में द्वीप पर हर तरफ तबाही का मंजर दिखाई दिया। इस क्षेत्र में एक दिन पहले भी 5.9 की तीव्रता वाला भूकंप महसूस किया गया था। गुरुवार देर रात आए भूकंप के बाद 26 झटके महसूस किए गए।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।