होम पंचतत्व में विलीन हुए मोतीलाल वोरा
पंचतत्व में विलीन हुए मोतीलाल वोरा
अविभाजित मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा (बाबूजी) की पार्थिव काया मंगलवार को पंचतत्व में विलीन हो गई। दुर्ग के शिवनाथ नदी मुक्तिधाम पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके बड़े बेटे अरविंद वोरा ने मुखाग्नि दी। बाबूजी को अंतिम विदाई देने के लिए कांग्रेस-भाजपा के लगभग सभी दिग्गज नेता व अन्य राज्यों से आए विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेता मुक्तिधाम पहुंचे।समर्थकों ने 'जब तक सूरज चांद रहेगा, वोरा तेरा नाम रहेगा' के नारे भी लगाए।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा का सोमवार को दिल्ली में निधन हो गया था। उनकी पार्थिव काया को मंगलवार को गृहनगर दुर्ग लाया गया। पदमनाभपुर स्थित निवास में पार्थिव काया को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। शाम करीब चार बजे पार्थिव शरीर को शहर के प्रमुख मार्गो से होते हुए अंतिम संस्कार के लिए शिवनाथ मुक्तिधाम के लिए रवाना किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं व लोगों ने वोरा के पार्थिव काया पर फूलों की वर्षा की।
मुक्तिधाम में दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर
कांग्रेस के राष्ट्रीय महामंत्री मुकुल वासनिक और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित अन्य नेताओं ने पुष्पाजंलि अर्पित की। वोरा की पार्थिव काया को उनके दोनों पुत्र अरविंद वोरा, दुर्ग विधायक अरण वोरा व परिवार के अन्य सदस्यों ने कंधा दिया। मुक्तिधाम में गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
सीएम भूपेश बघेल और सीएम शिवराज भी रहे मौजूद
अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू सहित पूरा मंत्रिमंडल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णदेव साय, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, प्रेमप्रकाश पांडेय सहित कांग्रेस और भाजपा के अन्य नेता भी मौजूद रहे।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।