होम योगी का अखिलेश पर तंज- गिनती आती हो तो हम 10 लाख नियुक्ति पत्र दे चुके होंगे, सपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

प्रादेशिकीउत्तर-प्रदेश Alert Star Digital Team Nov 27, 2026 08:28 PM

योगी का अखिलेश पर तंज- गिनती आती हो तो हम 10 लाख नियुक्ति पत्र दे चुके होंगे, सपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में यूपीएसएसएससी के माध्यम से नवचयनित 1,594 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधा।

योगी का अखिलेश पर तंज- गिनती आती हो तो हम 10 लाख नियुक्ति पत्र दे चुके होंगे, सपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में यूपीएसएसएससी के माध्यम से नवचयनित 1,594 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधा। बिना नाम लिए सपा नेतृत्व पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कल मैं लखनऊ में 'मुन्ना भाई गैंग के एक सरगना' का बयान पढ़ रहा था। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2017 से पहले प्रदेश में कोई भी भर्ती ईमानदारी से नहीं होती थी। उस दौर में नियुक्तियों में होने वाली धांधली पर ही फिल्म 'मुन्ना भाई' आधारित थी।

योगी ने कहा कि यदि 2017 से पहले कोई भर्ती होती भी, तो आज कार्यक्रम में मौजूद अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र नहीं मिल पाता। उन्होंने पिछली सरकारों के कार्यकाल में भर्ती प्रक्रिया में भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, एक ऐसा अभ्यर्थी भी टॉपर बना दिया गया था, जिसने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा तीसरी श्रेणी में पास की थी, लेकिन उसे उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में टॉप करा दिया गया।

'सैफई सिंडिकेट नियुक्ति पत्रों की गिनती नहीं कर पाएगा'

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछले साढ़े नौ साल में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था तीन गुना हो गई है। उनके अनुसार, प्रदेश की अर्थव्यवस्था 12.5 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है।

उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह 50 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र बांटने की सरकार की रफ्तार को सैफई सिंडिकेट गिन नहीं पाएगा। वहां नोट गिनने के अलावा और कुछ नहीं गिना जाता।

समाजवादी पार्टी के 30 लाख नौकरियां देने के वादे पर भी मुख्यमंत्री ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अब 30 लाख युवाओं को नौकरी देने की बात कही जा रही है, लेकिन युवा पूछ रहे हैं कि जब सपा सत्ता में थी, तब उसने क्या किया। योगी ने कहा कि प्रदेश की जनता पिछली सरकारों को उनके कामों की सजा दे चुकी है और आगे भी देती रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार युवाओं को नौकरी देकर उन पर कोई एहसान नहीं कर रही, बल्कि उनके परिश्रम का सम्मान कर रही है।

'2017 से पहले यूपी की पहचान उपद्रव प्रदेश के रूप में थी'

सीएम योगी ने सपा सरकार के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान उपद्रव प्रदेश के तौर पर होती थी। उन्होंने कहा कि उस समय चाचा-भतीजा वसूली के लिए निकल जाते थे और नियुक्ति पत्र मुन्ना भाई लेकर जाता था। मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर प्रदेश को अपनी बपौती समझने और सरकारी संसाधनों की लूट करने का आरोप भी लगाया।

उन्होंने सपा नेताओं की शिक्षा संबंधी बातों पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे शिक्षा की चर्चा करते हैं, लेकिन अपने बच्चों को पढ़ाई के लिए विदेश भेजते रहे। योगी के मुताबिक, पिछली सरकार के दौरान युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं थे और बजट का बंदरबांट होता था। इसी कारण उत्तर प्रदेश पिछड़े राज्यों की श्रेणी में शामिल था।

गोमती रिवर फ्रंट के बजट को लेकर भ्रष्टाचार का आरोप

मुख्यमंत्री ने गोमती रिवर फ्रंट परियोजना का उदाहरण देते हुए पिछली सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए 167 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित था, लेकिन इस पर 1,400 करोड़ रुपये खर्च कर दिए गए और इसके बावजूद काम अधूरा रह गया।

योगी ने दावा किया कि जब इस मामले में कार्रवाई हुई तो पता चला कि अधिकारियों को मौखिक आदेश दिए गए थे। उनके अनुसार, निचले स्तर के कर्मचारी जेल चले गए, जबकि कथित तौर पर पैसा लूटने वाले बड़े लोगों ने इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में संपत्तियां बना लीं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थियों को ईमानदारी से काम करने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में वित्त विभाग से जुड़े ऑडिटर और अकाउंटेंट भी मौजूद हैं। यदि कोई सरकार या वरिष्ठ अधिकारी उनसे गलत काम करने के लिए कहे तो उन्हें स्पष्ट रूप से मना कर देना चाहिए।

'सपा पेशेवर गुंडों को पालती थी'

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में निवेश का उल्लेख करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज यह क्षेत्र निवेश के बड़े केंद्र के रूप में उभरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से पहले निवेशकों के सामने सुरक्षा की समस्या थी। उनके मुताबिक, सपा पेशेवर गुंडों को पालती थी और अपने गुर्गों को लूट-खसोट की छूट देती थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने सख्ती के साथ कार्रवाई करते हुए चार लाख लोगों को आवास उपलब्ध कराने का काम किया है। उन्होंने प्रदेश में आए बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि पहले यहां कट्टा और बम बनाए जाते थे, जबकि अब लखनऊ में दुनिया की बेहतरीन मिसाइलें बन रही हैं।

योगी ने कहा कि युवाओं को शिक्षा देने के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना भी जरूरी है। ऐसा नहीं होने पर उन्हें काम की तलाश में दक्षिण भारत की ओर जाना पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि अब उत्तर प्रदेश के युवा अपने ही प्रदेश में रोजगार हासिल कर रहे हैं और यही यूपी की नई पहचान बन रही है।

अखिलेश यादव के 30 लाख नौकरी के वादे पर फिर उठाए सवाल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के 30 लाख नौकरियां देने के वादे पर एक बार फिर सवाल खड़े किए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश जी को गिनती आती हो तो हम 10 लाख नियुक्ति पत्र दे चुके होंगे।

योगी ने सपा प्रमुख से यह भी पूछा कि अपनी चार सरकारों के कार्यकाल में उन्होंने कितने नियुक्ति पत्र वितरित किए थे। मुख्यमंत्री के मुताबिक, केवल भविष्य में नौकरी देने का वादा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल का हिसाब भी देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का हर व्यक्ति पिछली सरकारों के कामकाज से परिचित है। जब किसी का अतीत अच्छा नहीं रहा हो तो भविष्य भी अच्छा नहीं हो सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार को अभी रुकना नहीं है और यह तो केवल शुरुआत है।

Alert Star Digital Team

Alert Star Digital Team

एलर्ट स्टार नाम की पत्रिका और फिर समाचार-पत्र का जन्म हुआ। हमारा प्रयास कि हम निष्पक्ष और निडर पत्रकारिता का वह स्वरूप अपने पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करे। जो लोगो के मन मस्तिष्क में एक भरोसे के रूप में काबिज हो।

Read More Articles

Leave A comment

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।

Recent Updates

Most Popular

(Last 14 days)