होम 9.12 लाख करोड़ का बजट, फिर भी मुफ्त योजनाओं पर यूपी पीछे! प्रति व्यक्ति खर्च राष्ट्रीय औसत से चार गुना कम
उत्तर प्रदेश देश का सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और इसका बजट भी करीब 9.12 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। इसके बावजूद मुफ्त सुविधाओं और नकद सहायता पर प्रति व्यक्ति खर्च के मामले में यूपी देश के बड़े राज्यों से काफी पीछे है।
उत्तर प्रदेश देश का सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और इसका बजट भी करीब 9.12 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। इसके बावजूद मुफ्त सुविधाओं और नकद सहायता पर प्रति व्यक्ति खर्च के मामले में यूपी देश के बड़े राज्यों से काफी पीछे है। एक तुलनात्मक आकलन के मुताबिक, प्रदेश में इन योजनाओं पर प्रति व्यक्ति केवल 1,188 रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जबकि 29 राज्यों का राष्ट्रीय औसत 4,805 रुपये है। कुल खर्च के मामले में उत्तर प्रदेश देश में नौवें स्थान पर है।
भारत राज्य डॉट कॉम के 'स्टेट वर्सेज स्टेट : द फ्रीबी मीटर' आकलन के अनुसार, उत्तर प्रदेश में मुफ्त सुविधाओं और नकद सहायता पर कुल 28,456 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस सूची में महाराष्ट्र 82,604 करोड़ रुपये के खर्च के साथ पहले स्थान पर है। कर्नाटक 77,321 करोड़ रुपये खर्च करके दूसरे और मध्य प्रदेश 67,571 करोड़ रुपये के साथ तीसरे स्थान पर है।
इस मामले में तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल भी उत्तर प्रदेश से आगे हैं। आंकड़ों के मुताबिक, तमिलनाडु में मुफ्त सुविधाओं और नकद सहायता पर 67,026 करोड़ रुपये, जबकि पश्चिम बंगाल में 57,464 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। राजस्थान 35,042 करोड़ रुपये के खर्च के साथ छठे स्थान पर है।
वहीं, तेलंगाना 33,553 करोड़ और आंध्र प्रदेश 31,262 करोड़ रुपये खर्च करके क्रमशः सातवें और आठवें स्थान पर हैं। उत्तर प्रदेश 28,456 करोड़ रुपये के कुल खर्च के साथ नौवें नंबर पर है, जबकि बिहार 27,395 करोड़ रुपये खर्च करके दसवें स्थान पर है।
मुफ्त सुविधाओं और नकद सहायता पर खर्च के मामले में कुछ छोटे राज्य भी उल्लेखनीय आंकड़े दर्ज करा रहे हैं। गोवा में इस मद पर 5,949 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। हिमाचल प्रदेश में 2,640 करोड़, मिजोरम में 1,524 करोड़ और सिक्किम में 1,261 करोड़ रुपये का खर्च है।
हालांकि, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड और मेघालय जैसे कुछ राज्यों में मुफ्त योजनाओं पर होने वाला कुल खर्च उत्तर प्रदेश से भी कम है।
उत्तर प्रदेश में मुफ्त सुविधाओं पर होने वाले कुल खर्च का सबसे बड़ा हिस्सा बिजली और पानी से जुड़ी रियायतों पर जाता है। इन दोनों मदों में प्रदेश सरकार 19,765 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। इसमें करीब 88 प्रतिशत हिस्सा ऊर्जा विभाग की बिजली सब्सिडी का है। इसके अलावा आठ प्रतिशत खर्च मुफ्त कृषि बिजली और चार प्रतिशत सिंचाई के पानी पर दी जाने वाली रियायतों पर होता है।
बिजली और पानी पर सब्सिडी देने के मामले में उत्तर प्रदेश देश के राज्यों में पांचवें स्थान पर है। राजस्थान 32,599 करोड़ रुपये के खर्च के साथ इस सूची में सबसे ऊपर है। कर्नाटक 30,312 करोड़ रुपये के साथ दूसरे, मध्य प्रदेश 26,649 करोड़ रुपये के साथ तीसरे और महाराष्ट्र 20,197 करोड़ रुपये के साथ चौथे स्थान पर है।
इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि कुल बजट और आबादी के लिहाज से बड़ा राज्य होने के बावजूद उत्तर प्रदेश मुफ्त सुविधाओं और नकद सहायता पर प्रति व्यक्ति खर्च के मामले में राष्ट्रीय औसत से काफी पीछे है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।