होम संविधान दिवस पर योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- सत्ता में रहते संविधान का गला घोंटने वाले आज लाल किताब लेकर घूम रहे

समाचारराजनीतिप्रादेशिकीउत्तर-प्रदेश Alert Star Digital Team Nov 26, 2026 07:04 PM

संविधान दिवस पर योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- सत्ता में रहते संविधान का गला घोंटने वाले आज लाल किताब लेकर घूम रहे

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार (26 नवंबर) को संविधान दिवस के अवसर पर विपक्ष पर तीखा हमला बोला।

संविधान दिवस पर योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- सत्ता में रहते संविधान का गला घोंटने वाले आज लाल किताब लेकर घूम रहे

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार (26 नवंबर) को संविधान दिवस के अवसर पर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने विपक्षी दलों पर संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा, "जिन लोगों ने सत्ता में रहते हुए संविधान का गला घोंटने का प्रयास किया, वे आज लाल किताब लेकर जनता को गुमराह कर रहे हैं."

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, "संविधान की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, बल्कि देश के आम नागरिक में निहित है." योगी आदित्यनाथ लोक भवन ऑडिटोरियम में संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश के 3,955 मूर्ति स्थलों के सौंदर्यीकरण कार्यों की शुरुआत की। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों के साथ उन्होंने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ भी किया।

3,955 आंबेडकर मूर्ति स्थलों का होगा सौंदर्यीकरण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रदेश में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और सामाजिक न्याय के अन्य महापुरुषों से जुड़े 4,030 स्थलों को चिह्नित किया गया है। इनमें से 3,955 स्थलों पर विकास और सौंदर्यीकरण का काम कराया जाएगा।

इन स्थलों पर छतरी, चारदीवारी, सीसीटीवी कैमरे और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही फूलों के पौधे भी लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान महापुरुषों के योगदान को सम्मान देने और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की भावनाओं का आदर करने का प्रयास है।

भारत का संविधान 145 करोड़ नागरिकों का गौरव: योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का संविधान देश के 145 करोड़ नागरिकों का गौरव और मार्गदर्शक है। उन्होंने दुनिया के दूसरे देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि कई देशों में जाति, रंग और लिंग के आधार पर लोगों को लंबे समय तक मतदान के अधिकार से वंचित रखा गया, जबकि भारत में संविधान लागू होने के पहले दिन से ही प्रत्येक वयस्क नागरिक को वोट देने का अधिकार मिला।

योगी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बाबा साहेब को भारत रत्न नहीं देने का आरोप

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को भारत रत्न नहीं दिया और उन्हें संसद तक पहुंचने से रोकने के लिए षड्यंत्र किए। उन्होंने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उस दौरान कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब का नाम हटा दिया गया था, जिसे मौजूदा सरकार ने फिर से बहाल किया।

योगी ने महाराज सुहेलदेव के सम्मान में बहराइच में स्मारक बनाए जाने और उनके नाम पर मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाने का भी उल्लेख किया। इसके साथ ही उन्होंने अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना को भी महापुरुषों के सम्मान से जुड़ा कदम बताया।

पिछली सरकारों पर माफिया संरक्षण और नौकरी में वसूली का आरोप

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर माफिया और अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में पेपर लीक, नकल और सरकारी नौकरियों में वसूली जैसी समस्याएं थीं। साथ ही गरीबों को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रखा जाता था।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि कानून का राज और विधि का शासन ही विकास की गारंटी है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, मंत्री सुरेश खन्ना और असीम अरुण, मुख्य सचिव एसपी गोयल तथा पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे।

Alert Star Digital Team

Alert Star Digital Team

एलर्ट स्टार नाम की पत्रिका और फिर समाचार-पत्र का जन्म हुआ। हमारा प्रयास कि हम निष्पक्ष और निडर पत्रकारिता का वह स्वरूप अपने पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करे। जो लोगो के मन मस्तिष्क में एक भरोसे के रूप में काबिज हो।

Read More Articles

Leave A comment

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।

Recent Updates

Most Popular

(Last 14 days)