होम लखनऊ यूनिवर्सिटी में डांडिया नाइट के दौरान बवाल, छात्रों के दो गुट आपस में भिड़े
लखनऊ यूनिवर्सिटी में डांडिया नाइट के दौरान बवाल, छात्रों के दो गुट आपस में भिड़े
लखनऊ विश्वविद्यालय के न्यू कैम्पस में गुरुवार रात को हुई डांडिया नाइट के दौरान बवाल हो गया। कुछ देर में ही मामला बढ़ गया और छात्रों के दो गुट विश्वविद्यालय परिसर के बाहर भिड़ गये। दोनों ओर से पथराव किया गया, जिससे अफरातफरी मच गई। इसी बीच छात्रों ने जानकीपुरम थाने के पास खड़ी गई गाड़ियां तोड़ दीं। इलायची रेस्त्रां में तोड़़फोड़ की। कई ठेले पलट दिये।
लॉ और मैनेजमेंट के छात्र गुट भी आमने-सामने आ गये थे। सूचना पाकर तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। रात करीब एक से दो बजे के बीच हास्टल में पुलिस ने विश्वविद्यालय प्रशासन की मौजूदगी में छापा मारा। इस दौरान कई छात्र कमरों में ताला लगाकर फरार हो गये। एक छात्र को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस मामले में कोई एफआईआर नहीं दर्ज करायी। रेस्त्रां संचालक अनस ने शुक्रवार को जानकीपुरम थाने में शिवेश्वर राय, सत्यविजय सिंह, अवनीश राजपूत समेत 20 छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
डांडिया नाइट में पुराना विवाद सामने आ गया
नवीन परिसर में लॉ और मैनेजमेंट छात्र गुटों में लम्बे समय से टकराव चल रहा है। शुक्रवार को डांडिया का आयोजन चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी दौरान पहले की लड़ाई में शामिल रहे छात्रों में पुरानी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। पहले कहासुनी शुरू हुई, फिर ये लोग मारपीट करने लगे। कुछ लोगों ने बीच बचाव करना चाहा तो ये सब परिसर से बाहर सड़क पर आ गये। मामा चौराहे छात्रों के दोनों गुटों ने एक दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान ही बाहर खड़ी कार-बाइक तोड़ दी। रेस्त्रां में भी छात्रों ने बवाल किया। स्थानीय पुलिस ने विश्वविद्यालय प्रबंधन को फोन किया। जिसके बाद प्रॉक्टोरियल बोर्ड को जानकारी मिली। पुलिस के पहुंचने पर सब फरार हो गये।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।