होम गणतंत्र दिवस पर सांसद अरुण सागर ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
पूरे देश के साथ-साथ शाहजहाँपुर जनपद में भी 77वाँ गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आम नागरिकों ने विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण कर संविधान के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
शाहजहाँपुर। पूरे देश के साथ-साथ शाहजहाँपुर जनपद में भी 77वाँ गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आम नागरिकों ने विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण कर संविधान के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
भाजपा सांसद अरुण सागर ने घंटाघर स्थित संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। घंटाघर पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सांसद का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान सांसद ने जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
माल्यार्पण के उपरांत सांसद अरुण सागर ने कहा कि वर्ष 1950 में हमारे देश का संविधान लागू हुआ था। तभी से प्रत्येक वर्ष गणतंत्र दिवस यह संदेश देता है कि भारत एक संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य है।
उन्होंने कहा कि जब-जब तिरंगा लहराता है, तब-तब हर भारतीय को अपनी आज़ादी पर गर्व महसूस होता है।
सांसद ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि यह दिन हमें याद दिलाता है कि किस प्रकार हमारे स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों ने देश की आज़ादी के लिए संघर्ष किया। उनके साहस, समर्पण और बलिदान से ही आधुनिक भारत की नींव पड़ी है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि इस पावन अवसर पर अपने कर्तव्यों को भी याद रखें और देशहित में कार्य करें।
सांसद अरुण सागर ने कहा कि देश को खुशहाल और मजबूत बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं।
इनमें स्वच्छ भारत मिशन, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, अंबेडकर विशेष रोजगार योजना, मुख्यमंत्री समग्र ग्राम विकास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और विकसित भारत अभियान जैसी योजनाएं शामिल हैं।
सांसद ने कहा कि इन योजनाओं से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के नागरिक सशक्त हुए हैं। जो लोग पहले बेटियों की शादी नहीं कर पाते थे, वे अब मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सम्मानपूर्वक विवाह कर पा रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में कोई भी योजना भ्रष्टाचार की भेंट नहीं चढ़ी है, क्योंकि वर्तमान सरकार में भ्रष्टाचार करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।