होम बिहार चुनाव से पहले नीतीश कुमार को झटका, पूर्व विधायक बोगो सिंह आरजेडी में शामिल
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू को बड़ा झटका लगा है। मटिहानी विधानसभा सीट से चार बार के विधायक रहे नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह ने मंगलवार (19 अगस्त) को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरजेडी का दामन थाम लिया।
बेगूसराय। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू को बड़ा झटका लगा है। मटिहानी विधानसभा सीट से चार बार के विधायक रहे नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह ने मंगलवार (19 अगस्त) को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरजेडी का दामन थाम लिया।
प्रेस वार्ता के दौरान बोगो सिंह ने कहा, “आज से मैं आरजेडी के एक सिपाही के रूप में कार्य करूंगा। मैंने जेडीयू के लिए पूरी ईमानदारी से काम किया, लेकिन पिछले पांच सालों से नीतीश कुमार ने मेरी सुध तक नहीं ली। 2020 के चुनाव में मैं सिर्फ 333 वोटों से हारा था, उसके बाद भी कई बार उनसे मिलने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने तरजीह नहीं दी। इसी वजह से मैंने आज आरजेडी का रास्ता चुना है।”
मटिहानी सीट पर 2020 विधानसभा चुनाव में बोगो सिंह को लोजपा (रामविलास) के उम्मीदवार राज कुमार सिंह ने मात्र 333 वोटों से हराया था। दिलचस्प बात यह रही कि उस चुनाव में लोजपा (आर) को सिर्फ यही एक सीट मिली थी, लेकिन बाद में उसके विधायक ने जेडीयू ज्वाइन कर ली थी।
पूर्व विधायक ने कहा, “चुनाव के बाद भी जनता ने मुझे अपार स्नेह और आशीर्वाद दिया। मटिहानी की जनता को आज एक सच्चे सेवक की जरूरत है, न कि किसी प्रिंस कुमार की। मैं क्षेत्र का बेटा बनकर जनता की सेवा करता रहूंगा।”
बोगो सिंह ने इस दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा, “एक समय मैंने सार्वजनिक रूप से कहा था कि गिरिराज सिंह चार लाख से ज्यादा वोट से जीतेंगे और वे सवा चार लाख से जीते भी। लेकिन इस बार वे सिर्फ 70 हजार वोट से जीत पाए। इससे साफ है कि उनकी स्थिति क्या हो गई है।”
हाल ही में बोगो सिंह ने तेजस्वी यादव से मुलाकात की थी, जिसके बाद उनके आरजेडी में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं। अब आधिकारिक ऐलान के साथ साफ हो गया है कि चुनाव से पहले जेडीयू को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।