होम सत्र शुरू होने से पहले सभी सांसदों को करवाना होगा कोविड टेस्ट- ओम बिरला
सत्र शुरू होने से पहले सभी सांसदों को करवाना होगा कोविड टेस्ट- ओम बिरला
कोरोनावायरस महामारी के बीच संसद के बजट सत्र (Budget Session) को लेकर सरकार सुरक्षा इंतजामों को लेकर तैयारियों में जुट गई है. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला (Om Birla) ने मंगलवार को कहा कि 29 जनवरी से शुरू हो रहे बजट सत्र से पहले सभी सांसदों के आवास के नजदीक RT-PCR टेस्ट की व्यवस्था की गई है. उन्होंने कहा कि संसद भवन में 27-28 जनवरी को कोरोना का आरटी-पीसीआर टेस्ट किया जाएगा. साथ ही सांसदों के परिवार और उनके स्टाफ के लिए भी कोविड जांच की व्यवस्था की गई है.
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकारों के द्वारा तय किए वैक्सीनेशन अभियान की नीति सांसदों पर भी लागू होगी. उन्होंने कहा कि बजट सत्र के दौरान प्रश्न काल (Question Hour) एक घंटे का होगा. उन्होंने कहा, “संसद सत्र शुरू होने से पहले सभी सांसदों को कोविड-19 टेस्ट कराने को कहा जाएगा.”
‘किसान आंदोलन पर विशेष चर्चा को लेकर नहीं मिले प्रस्ताव’
ओम बिरला ने कहा कि जीरो आवर (शून्य काल) के दौरान सांसद किसी भी क्षेत्रीय या राष्ट्रीय महत्व के सवालों को उठा सकेंगे. बिरला ने कहा कि संसद सत्र के दौरान राज्यसभा की कार्यवाही सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगी और लोकसभा की कार्यवाही शाम 4 से रात 8 बजे तक होगी. कृषि कानूनों के मुद्दे पर संयुक्त संसदीय समिति (JPC) बनाने की मांग पर बिरला ने कहा कि सदन के बाहर की गई कोई मांग अब तक संसद के एजेंडे में शामिल नहीं है.
उन्होंने कहा, “मैं सभी राजनेताओं से बात करूंगा और बहस व विधेयक के मुद्दे दोनों सदन के बिजनेस एडवायजरी कमिटी की मीटिंग में तय होंगे.” उन्होंने कहा कि किसानों के मुद्दे पर विशेष चर्चा के लिए उन्हें अब तक कोई प्रस्ताव नहीं मिला है. “लेकिन 28 जनवरी को मैं सभी पार्टियों से मिलूंगा. मैं पहले से भी अलग-अलग पार्टियों के संपर्क में हूं.” बिरला ने कहा कि बजट की हार्ड कॉपी नहीं दी जाएगी, बल्कि कागजात ऑनलाइन दिए जाएंगे.
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।