होम लद्दाख गतिरोध के बाद से पूर्वी कमान क्षेत्र में नहीं हुई कोई बड़ी झड़प
लद्दाख गतिरोध के बाद से पूर्वी कमान क्षेत्र में नहीं हुई कोई बड़ी झड़प
सेना की पूर्वी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान ने बुधवार को बताया कि भारतीय बलों और चीन की सेना PLA के बीच लद्दाख में गतिरोध के बाद से पूर्वी कमान के अधीन आने वाले इलाके में घुसपैठ या किसी बड़ी झड़प की कोई घटना नहीं हुई है. चौहान ने कहा कि गलवान घाटी की घटना के बाद से भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर सौहार्द्र और आपसी भरोसा खत्म हो गया है और चीजों को स्थिर होने में समय लगेगा.
उन्होंने कहा, ''लद्दाख में गतिरोध के बाद से पूर्वी कमान की जिम्मेदारी के अधीन आने वाले इलाके में घुसपैठ या किसी बड़ी झड़प की कोई घटना नहीं हुई है.'' उन्होंने कहा कि भारतीय सेना और PLA ने लद्दाख संकट के दौरान एहतियातन कुछ बलों की तैनाती की थी, जिसमें सर्दियां शुरू होने के बाद पूर्वी सेक्टर में लगातार कमी आ रही है. चौहान ने विजय दिवस पर 'फोर्ट विलियम' में मीडिया से कहा, ''बहरहाल, भारतीय सेना सर्दियों में किसी भी चुनौती से निपटने के लिए तैयार है.''
हर हालात से निपटने के लिए तैयार
उन्होंने कहा कि PLA ने सड़क से जुड़ी आधारभूत विकास की गतिविधियां तेज की है और सिक्किम सीमा और अरुणाचल प्रदेश के कामेंग में सुरक्षा बढ़ाई है. लेफ्टिनेंट जनरल चौहान ने कहा, ''हम भी इसके हिसाब से और उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने सीमाई इलाके के पास गांव बसाने का प्रयास किया. वहां पर वे घुमंतू तिब्बती आबादी को बसाने का प्रयास कर रहे हैं.''
डोकलाम के संबंध में उन्होंने कहा कि यह भूटान और चीन के बीच का मुद्दा है और भारत की भागीदारी इसमें तब होती है जब 'हमें तीनों देशों के बीच के स्थान पर फैसला करना होता है.'' उन्होंने कहा, ''भूटान मित्र देश है जिसके साथ भारत सरकार के करीबी संबंध हैं.' भूटान सरकार और भूटान की सेना ने इस क्षेत्र में अपने हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाए हैं और उन्होंने जो भी कदम उठाए हैं, हम उससे आश्वस्त हैं.'
PLA द्वारा सितंबर में अरुणाचल प्रदेश के पांच युवाओं को कथित तौर पर अगवा किए जाने और फिर छोड़ने की घटना पर उन्होंने कहा कि पश्चिमी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर भारतीय सेना, पाकिस्तान के सामने जिस स्थिति में है, उसके मुकाबले राज्य में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर तैनाती उससे अलग है. उन्होंने कहा कि कुछ स्थान हैं जहां तैनाती नहीं है, लेकिन वहां पर नियमित तौर पर गश्त की जाती है.
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।