होम BJP की नई टीम का ऐलान, इन नेताओं का बड़ा कद, तो कई के हाथ लगी निराशा
BJP की नई टीम का ऐलान, इन नेताओं का बड़ा कद, तो कई के हाथ लगी निराशा
बीजेपी (BJP) पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा (JP Nadda) ने शनिवार को संगठन में बड़े फेरबदल करते हुए पदाधिकारियों की नई लिस्ट जारी की है. बीजेपी की नई टीम में इस बार महिलाओं और युवाओं को जगह मिली है. साथ ही किसी न किसी रूप में अधिकतर राज्यों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश भी की गई है.
इन 12 उपाध्यक्षों के नाम शामिल
पार्टी ने पहली बार 12 उपाध्यक्षों के नाम की घोषणा की है. इसमें छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को उपाध्यक्ष पद पर बरकरार रखा गया है. माना जा रहा था कि राजस्थान में पिछले दिनों जो सियासी घटनाक्रम घटा था, उसमें वसुंधरा की भूमिका से नेतृत्व बहुत खुश नहीं रहा. लेकिन उनके कद और प्रदेश में वर्चस्व को देखते हुए उपाध्यक्ष पद पर फिर से रखा गया है.
उसी तरह झारखंड में बाबूलाल मरांडी को एक तरह से फ्री हैंड देने के लिए रघुबर दास को उपाध्यक्ष बनाया गया है. प्रदेश के दूसरे कद्दावर नेता अर्जुन मुंडा केंद्र में मंत्री हैं. पूर्व कृषि मंत्री राधामोहन सिंह को भी केंद्रीय संगठन में जगह मिल गई है. उन्हें उपाध्यक्ष बनाया गया है. ये साफ है कि उनकी फिलहाल केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने वाली. बंगाल में तृणमूल कांग्रेस से मोर्चा लेने में अग्रणी भूमिका निभा रहे मुकुल रॉय को भी उपाध्यक्ष बनाकर उनका कद बढ़ाया गया है.
इसी तरह ओडिसा में नवीन पटनायक के कभी काफी करीबी रहे जय पांडा को उपाध्यक्ष बनाया गया है. यानी ओडिसा में पार्टी को मजबूत बनाने में धर्मेंद्र प्रधान और जोएल ओरांव के अलावा जय पांडा की भी भूमिका काफी महत्वपूर्ण होगी. उपाध्यक्षों में झारखंड से सांसद अन्नपूर्णा देवी को भी जगह मिली है. कभी लालू यादव के करीबी रही थी अनपूर्णा देवी.
इन नेताओं की उपाध्यक्षों पद से हुई विदाई
उपाध्यक्षों में खास बात रही कि कई कद्दावर नेताओं की विदाई हो गई है. उमा भारती, प्रभात झा, विनय सहस्त्रबुद्धे, रेणु देवी, ओम माथुर, श्याम जाजू, अविनाश राय खन्ना को उपाध्यक्ष पद पर नहीं रखा गया. शिवराज सिंह चौहान को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के कारण इस पद से हटा दिया गया है. शिवराज पार्टी संसदीय बोर्ड के सदस्य हैं.
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।