होम आतंकवाद से लेकर सीमा शांति तक... पीएम मोदी-शी जिनपिंग की मुलाकात में बनी अहम सहमति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच रविवार (31 अगस्त, 2025) को शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन से इतर हुई द्विपक्षीय बैठक में कई अहम मुद्दों पर सहमति बनी।
तियानजिन (चीन)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच रविवार (31 अगस्त, 2025) को शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन से इतर हुई द्विपक्षीय बैठक में कई अहम मुद्दों पर सहमति बनी। दोनों नेताओं ने आतंकवाद, सीमा पर शांति, व्यापार और वैश्विक चुनौतियों को लेकर विस्तृत चर्चा की।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पीएम मोदी ने बैठक में सीमा पार आतंकवाद का मुद्दा उठाया और कहा कि भारत और चीन दोनों आतंकवाद के शिकार रहे हैं, लेकिन भारत अभी भी इससे जूझ रहा है। उन्होंने इस पर चीन से सहयोग की अपेक्षा जताई, जिस पर शी जिनपिंग ने विभिन्न तरीकों से समर्थन देने का आश्वासन दिया।
पीएम मोदी ने वार्ता में कहा कि सीमा पर शांति और सौहार्द दोनों देशों के समग्र संबंधों के विकास के लिए बीमा की तरह है। उनका स्पष्ट संदेश था कि सीमा पर तनाव किसी न किसी रूप में द्विपक्षीय संबंधों पर असर डालता है।
मिस्री के अनुसार, मोदी और शी का मानना था कि भारत-चीन के मतभेदों को विवाद में नहीं बदलना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने सीमावर्ती इलाकों में स्थिरता और विश्वास बनाए रखने पर जोर दिया। वहीं, चीनी राष्ट्रपति ने द्विपक्षीय संबंध सुधारने के लिए चार सुझाव दिए, जिन पर सहमति बनी।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दोनों नेताओं ने लंबी अवधि के विकास दृष्टिकोण साझा किए और वैश्विक आर्थिक चुनौतियों पर विचार किया। टैरिफ और बदलती अंतरराष्ट्रीय आर्थिक स्थिति को लेकर भी बातचीत हुई। मोदी और शी ने इस बात पर सहमति जताई कि मौजूदा चुनौतियों के बीच आपसी समझ और सहयोग बढ़ाना ही आगे का रास्ता है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।