होम भाजपा स्थापना दिवस पर परिवारवादी पार्टियों पर बरसे मोदी, बताया लोकतंत्र का दुश्मन

प्रादेशिकीउत्तर-प्रदेश Alert Star Digital Team Apr 6, 2022 09:50 PM

भाजपा स्थापना दिवस पर परिवारवादी पार्टियों पर बरसे मोदी, बताया लोकतंत्र का दुश्मन

भाजपा स्थापना दिवस पर परिवारवादी पार्टियों पर बरसे मोदी, बताया लोकतंत्र का दुश्मन

भाजपा स्थापना दिवस पर परिवारवादी पार्टियों पर बरसे मोदी, बताया लोकतंत्र का दुश्मन

देश के राजनीतिक इतिहास में छह अप्रैल का दिन खास अहमियत रखता है क्योंकि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 1980 में आज ही के दिन हुई थी। श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा 1951 में स्थापित भारतीय जन संघ से इस नयी पार्टी का जन्म हुआ था। अटल बिहारी वाजपेयी ने मुंबई में हुए अधिवेशन में भाजपा की नींव रखी थी और पार्टी के पहले अध्यक्ष भी चुने गये थे। दो सांसदों वाली पार्टी से 300 से ज्यादा सांसदों वाली पार्टी बनी भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी सदस्य संख्या वाली राजनीतिक पार्टी भी है। हाल ही में उसके राज्यसभा में भी 100 सांसद हो गये हैं। यही नहीं आज देश में भाजपा या भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए की 18 राज्यों में सरकार है। केंद्र में भी भाजपा लगभग आठ साल से सरकार चला रही है। हाल ही में चार राज्यों के विधानसभा चुनाव जीतकर भाजपा के हौसले बुलंद हैं।

भाजपा आज अपने स्थापना दिवस पर कई कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इस कड़ी में दिल्ली से देशभर के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज दुनिया के सामने एक ऐसा भारत है जो बिना किसी डर या दबाव के, अपने हितों के लिए अडिग रहता है और जब पूरी दुनिया दो विरोधी ध्रुवों में बंटी हो तब भारत को ऐसे देश के रूप में देखा जा रहा है जो दृढ़ता के साथ मानवता की बात कर सकता है।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा और कहा कि भारतीय जनता पार्टी जहां ‘‘राष्ट्र भक्ति’’ को समर्पित है वहीं विरोधी दलों का समर्पण ‘‘परिवार भक्ति’’ के प्रति है। परिवारवादी पार्टियों को लोकतंत्र का दुश्मन करार देते हुए मोदी ने यह भी कहा कि ऐसे दल संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को कुछ नहीं समझते, उन्होंने देश की प्रतिभा तथा युवा शक्ति को कभी आगे नहीं बढ़ने दिया बल्कि हमेशा उनके साथ ‘‘विश्वासघात’’ किया।

 

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आज नवरात्रि की पांचवीं तिथि भी है। आज के दिन हम मां स्कंदमाता की पूजा करते हैं। मां स्कंदमाता कमल पर विराजमान होती हैं और अपने दोनों हाथों में कमल थामे रहती हैं। इससे पहले, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा मुख्यालय पर ध्वजारोहण किया और पार्टी के विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने पार्टी मुख्यालय में एक रक्तदान शिविर का भी उद्घाटन किया। नड्डा ने बाद में दिल्ली के राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र में एक जुलूस में भी हिस्सा लिया। हम आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद राजेंद्र नगर की सीट पर उपचुनाव होना है। इस कड़ी में राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने अभी से चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। नड्डा आज पहली बार विदेशी दूतों के एक समूह के साथ बातचीत भी करेंगे और उन्हें पार्टी की विचारधारा, संस्कृति और कामकाज से अवगत कराएंगे। पार्टी के प्रवासी मामलों के प्रकोष्ठ के प्रभारी विजय चौथाईवाले ने कहा कि नड्डा की एशियाई और यूरोपीय देशों के 13 राजदूतों के साथ बातचीत ‘भाजपा को जानो’ नामक कार्यक्रम के तहत होगी।

Alert Star Digital Team

Alert Star Digital Team

एलर्ट स्टार नाम की पत्रिका और फिर समाचार-पत्र का जन्म हुआ। हमारा प्रयास कि हम निष्पक्ष और निडर पत्रकारिता का वह स्वरूप अपने पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करे। जो लोगो के मन मस्तिष्क में एक भरोसे के रूप में काबिज हो।

Leave A comment

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।

Recent Updates

Most Popular

(Last 14 days)