होम बिहार चुनाव से पहले यूपी को मिलेगा बड़ा तोहफा, जेवर एयरपोर्ट उद्घाटन की तैयारी तेज
दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए खुशखबरी है। गौतमबुद्ध नगर के जेवर में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लगभग तैयार हो चुका है। बताया जा रहा है कि इसका 90% निर्माण कार्य पूरा हो गया है और शेष काम 15 अक्टूबर तक निपट जाएगा।
नोएडा/लखनऊ। दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए खुशखबरी है। गौतमबुद्ध नगर के जेवर में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लगभग तैयार हो चुका है। बताया जा रहा है कि इसका 90% निर्माण कार्य पूरा हो गया है और शेष काम 15 अक्टूबर तक निपट जाएगा। अनुमान है कि बिहार विधानसभा चुनाव और दीपावली से पहले इसका भव्य उद्घाटन किया जा सकता है। इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से समय मांगा है।
करीब 29,500 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह एयरपोर्ट देश का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होगा। यहां कुल 6 रनवे बनाए जाने हैं। पहले चरण में एक रनवे, टर्मिनल बिल्डिंग और कार्गो हब का काम पूरा हो चुका है। शुरुआती चरण में एयरपोर्ट से हर साल 1 करोड़ 20 लाख यात्रियों की आवाजाही संभव होगी, जबकि आने वाले वर्षों में इसकी क्षमता 7 करोड़ यात्रियों तक बढ़ाई जाएगी।
यह एयरपोर्ट सिर्फ गौतमबुद्ध नगर ही नहीं, बल्कि दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी यूपी, हरियाणा, राजस्थान और उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को नई उड़ान देगा। यहां बन रहे कार्गो हब और एमआरओ (Maintenance, Repair & Overhaul) सेंटर से औद्योगिक और लॉजिस्टिक नेटवर्क को मजबूती मिलेगी। अनुमान है कि परियोजना से करीब 5.5 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा।
उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर सरकार बड़े स्तर पर तैयारी कर रही है। संभावना है कि इसमें करीब डेढ़ लाख लोग शामिल होंगे। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ न केवल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे, बल्कि साथ ही फिल्म सिटी और अन्य विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे।
गौरतलब है कि जेवर एयरपोर्ट का शिलान्यास प्रधानमंत्री मोदी ने दिसंबर 2021 में किया था। इसे स्विस कंपनी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) बना रही है। यह एयरपोर्ट दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का दबाव कम करेगा और NCR में हवाई यात्रा का नया द्वार बनेगा।
दीपावली से पहले उद्घाटन होने की स्थिति में यह एयरपोर्ट पश्चिमी यूपी के विकास की नई पहचान बनकर उभरेगा।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।