होम Deoria News: होर्मुज के पास तेल टैंकर हादसे में देवरिया के युवक की मौत, आखिरी कॉल के बाद टूट गया था संपर्क
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जिले के सुरौली (पैकोली) गांव निवासी 23 वर्षीय शिवानंद चौरसिया की ओमान तट के पास एक तेल टैंकर पर हुए कथित हमले के बाद मौत की सूचना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जिले के सुरौली (पैकोली) गांव निवासी 23 वर्षीय शिवानंद चौरसिया की ओमान तट के पास एक तेल टैंकर पर हुए कथित हमले के बाद मौत की सूचना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। शुरुआत में उन्हें लापता बताया गया था, लेकिन बाद में परिजनों को उनकी मौत की जानकारी मिली। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है और गांव में मातम का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, शिवानंद चौरसिया करीब आठ से नौ महीने पहले मुंबई के जरिए एक विदेशी शिपिंग कंपनी में नौकरी करने गए थे। वह एक तेल टैंकर पर इंजन फिटर और नाविक के रूप में कार्यरत थे। नौकरी के सिलसिले में वह रूस और अन्य अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर कार्य कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि घटना से पहले तक वह नियमित रूप से परिवार के संपर्क में थे, लेकिन अचानक संपर्क टूटने के बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई थी।
शिवानंद की पत्नी के अनुसार, मंगलवार शाम उनकी अपने पति से फोन पर बातचीत हुई थी। उन्होंने बताया, “मंगलवार शाम को उनका फोन आया था. उनसे बात हुई और फोन रख दिए. फिर बुधवार को मैंने देवर के पास फोन किया कि आपके भईया गुस्सा हैं क्या, फोन नहीं किए. देवर ने कहा नेटवर्क नहीं होगा. फिर पूरे दिन इंतजार किया, लेकिन फोन नहीं आया. बाद में देवर ने बताया कि भईया के जहाज पर बम गिर गया.”
इस बातचीत के बाद से ही परिवार लगातार उनके संपर्क में आने का इंतजार करता रहा, लेकिन बाद में दुखद सूचना मिली।
शिवानंद के पिता ने बताया कि उन्हें जहाज पर हमले की सूचना मिली थी, लेकिन शुरुआती दौर में बेटे के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही थी। उन्होंने कहा, “हमसे बताया गया कि जहाज पर बम गिर गया. अभी तक लड़के का पता नहीं है. हमको गड़बड़ सूचना ही मिल रही है.”
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना में दो लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि सरकारी स्तर पर आधिकारिक पुष्टि को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
परिवार ने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की है कि शिवानंद चौरसिया का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाया जाए ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके। साथ ही उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग उठाई है।
परिजनों का कहना है कि यदि किसी स्तर पर सुरक्षा या संचालन में लापरवाही हुई है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
घटना की खबर सामने आने के बाद सुरौली और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार परिवार के घर पहुंचकर संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। युवा नाविक की असमय मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।