होम कांग्रेस में होने वाला है बड़ा बदलाव? सोनिया गांधी ने बुलाई दिग्गज नेताओं की बैठक, मोदी सरकार को घेरने पर बना खास प्लान
कांग्रेस संगठन में संभावित बड़े बदलावों की चर्चाओं के बीच पार्टी नेतृत्व की गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं. इसी क्रम में कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार को 10 जनपथ स्थित अपने आवास पर पार्टी के कई वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की.
कांग्रेस संगठन में संभावित बड़े बदलावों की चर्चाओं के बीच पार्टी नेतृत्व की गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं. इसी क्रम में कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार को 10 जनपथ स्थित अपने आवास पर पार्टी के कई वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. बैठक में देश के मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य, संगठनात्मक मजबूती और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया.
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जनार्दन द्विवेदी, मुकुल वासनिक, पवन बंसल और यामि याग्निक समेत कई अनुभवी नेताओं ने हिस्सा लिया. पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि यह बैठक केवल औपचारिक मुलाकात नहीं थी, बल्कि संगठन में संभावित फेरबदल और नई रणनीति तय करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
बैठक के दौरान सोनिया गांधी ने वरिष्ठ नेताओं से देशभर के राजनीतिक हालात और कांग्रेस की वर्तमान स्थिति को लेकर विस्तृत फीडबैक लिया. साथ ही संगठन में चल रहे बदलावों को और प्रभावी बनाने तथा पार्टी को जमीनी स्तर पर दोबारा मजबूत करने के उपायों पर भी गंभीर चर्चा हुई.
सूत्रों के अनुसार, बैठक में शामिल नेताओं ने विभिन्न राज्यों के राजनीतिक हालात और संगठन की मौजूदा स्थिति को लेकर सोनिया गांधी को रिपोर्ट सौंपी. इसके अलावा केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जनता के बीच प्रभावी ढंग से मुद्दे उठाने और राजनीतिक संदेश पहुंचाने को लेकर भी कई सुझाव दिए गए.
वरिष्ठ नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस को संसद से लेकर पंचायत स्तर तक लगातार सक्रिय रहने की जरूरत है. उनका मानना है कि जनता से जुड़े मुद्दों को सड़क से सदन तक मजबूती के साथ उठाकर ही पार्टी अपनी राजनीतिक धार को और मजबूत बना सकती है.
बैठक से जुड़े संकेतों के अनुसार, आगामी संगठनात्मक बदलावों में अनुभवी नेताओं को अधिक जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं. पार्टी नेतृत्व पुराने और युवा नेताओं के बीच संतुलन स्थापित करते हुए नई जिम्मेदारियों का बंटवारा करने की तैयारी में जुटा है.
सूत्रों का यह भी कहना है कि संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जल्द ही एक नई समिति के गठन पर फैसला लिया जा सकता है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस संगठन में कई महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।