होम UP Election 2027: युवाओं से लेकर नई बहुओं तक पर BJP की नजर, वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए बनाई 3 सूत्रीय रणनीति
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। एक ओर पार्टी बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंप रही है, वहीं दूसरी ओर मतदाता सूची में नए नाम शामिल कराने के लिए तीन सूत्रीय रणनीति पर काम शुरू कर दिया है।
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। एक ओर पार्टी बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंप रही है, वहीं दूसरी ओर मतदाता सूची में नए नाम शामिल कराने के लिए तीन सूत्रीय रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। बीजेपी का लक्ष्य केवल पहली बार मतदान करने की उम्र पूरी कर चुके युवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि शादी के बाद दूसरे स्थान पर पहुंची महिलाओं और पंचायत चुनाव के दौरान मतदाता सूची से बाहर हुए लोगों को भी इसमें शामिल करना है।
बीजेपी की रणनीति में नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए युवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। पार्टी उन युवाओं की पहचान कर रही है, जिन्होंने 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की उम्र पूरी कर ली है। ऐसे युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया गया है।
इसके अलावा सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक भी पार्टी की पहुंच बनाई जा रही है। खासतौर पर स्कॉलरशिप प्राप्त करने वाले युवाओं से संपर्क कर उन्हें मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया जा रहा है।
बीजेपी की तीन सूत्रीय रणनीति का दूसरा महत्वपूर्ण हिस्सा शादी के बाद दूसरे स्थान पर पहुंची महिलाओं को मतदाता सूची से जोड़ना है। पार्टी के कार्यकर्ता ऐसे परिवारों की पहचान कर रहे हैं, जहां हाल ही में शादी हुई है और नई बहू घर आई है।
दरअसल, शादी के बाद महिलाओं का निवास स्थान बदल जाता है, लेकिन उनका नाम अक्सर मायके की मतदाता सूची में ही दर्ज रहता है। ऐसे में पार्टी का जोर उनका नाम मायके की सूची से हटवाकर ससुराल के पते वाली संबंधित मतदाता सूची में दर्ज कराने पर है।
बीजेपी की रणनीति का तीसरा बिंदु उन लोगों से जुड़ा है, जिनका नाम पंचायत चुनाव के दौरान मतदाता सूची से कट गया था या सूची में संशोधन के समय उनके नाम और पते में बदलाव हो गया था। पार्टी ऐसे मतदाताओं को चिह्नित कर रही है और कार्यकर्ताओं के माध्यम से उनसे संपर्क किया जा रहा है।
इन लोगों का नाम दोबारा सही पते पर मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि वे आगामी चुनाव में मतदान कर सकें।
भारतीय जनता पार्टी इन तीनों बिंदुओं के जरिए नए मतदाताओं, खासकर Gen-Z वोट बैंक तक अपनी पहुंच मजबूत करना चाहती है। पार्टी जहां सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को मतदाता सूची से जोड़ने में जुटी है, वहीं कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं का प्रचार भी कर रहे हैं।
इसके साथ ही हर जिले में जिला अध्यक्षों को प्रतिदिन मतदाता सूची से जुड़े काम की निगरानी करने की जिम्मेदारी दी गई है। बीजेपी की नजर उन नाराज मतदाताओं पर भी है, जो 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी से दूर हो गए थे। ऐसे वोटरों को दोबारा अपने पक्ष में लाने के लिए भी पार्टी स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।