होम बंगाल फतह के लिए BJP का महा-प्लान तैयार, 1 मार्च से 10 जगहों से एक साथ निकलेगी परिवर्तन यात्रा, PM Modi करेंगे शंखनाद
पश्चिम बंगाल में अगले महीने विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होने वाला है। इससे ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है।
पश्चिम बंगाल में अगले महीने विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होने वाला है। इससे ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ माहौल बनाने और अपना जनसमर्थन मजबूत करने के लिए बीजेपी ने राज्यभर में 'परिवर्तन यात्राएं' शुरू करने का बड़ा फैसला लिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, 1 मार्च से पूरे बंगाल में इन परिवर्तन यात्राओं का भव्य आगाज होने जा रहा है। ये यात्राएं एक या दो नहीं, बल्कि राज्य के 10 अलग-अलग स्थानों से एक साथ निकाली जाएंगी, जो विभिन्न जिलों और विधानसभा क्षेत्रों का चप्पा-चप्पा कवर करेंगी।
इन यात्राओं के जरिए बीजेपी सीधे तौर पर जनता से जुड़ेगी और राज्य सरकार को कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, भ्रष्टाचार और घुसपैठियों जैसे गंभीर मुद्दों पर चौतरफा घेरने का प्रयास करेगी। इस पूरे अभियान का समापन एक विशाल और ऐतिहासिक जनसभा के रूप में होगा, जिसे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे। पार्टी आलाकमान को पूरी उम्मीद है कि पीएम मोदी की यह रैली चुनावी माहौल में एक निर्णायक संदेश देगी, जिससे न केवल कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह का संचार होगा, बल्कि पार्टी को व्यापक जनसमर्थन भी हासिल होगा।
मिशन बंगाल को सफल बनाने के लिए बीजेपी अपने शीर्ष नेतृत्व को मैदान में उतार रही है। इन परिवर्तन यात्राओं में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत कई कद्दावर नेता हुंकार भरते नजर आएंगे। इनके अलावा संगठन के बड़े पदाधिकारी, केंद्रीय मंत्री और स्थानीय नेता भी अलग-अलग चरणों में इस यात्रा का हिस्सा बनेंगे। याद दिला दें कि 2021 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 77 सीटों पर जीत दर्ज की थी, लेकिन इस बार पार्टी संगठनात्मक स्तर पर कहीं अधिक आक्रामक और मजबूत रणनीति के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।
पार्टी ने इस बार माइक्रो-मैनेजमेंट, बूथ स्तर की संरचना को अभेद्य बनाने और 'प्रवासी कार्यकर्ता मॉडल' के जरिए हर क्षेत्र में अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराने का ब्लूप्रिंट तैयार किया है। रोजगार, औद्योगिक विकास और भ्रष्टाचार के मुद्दों को उठाकर बीजेपी राज्य की राजनीतिक बहस का केंद्र बदलना चाहती है। भाजपा नेताओं का कहना है कि परिवर्तन यात्राएं केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि व्यापक जनसंवाद अभियान हैं, जिनके माध्यम से जनता की समस्याओं को समझकर समाधान का रोडमैप तैयार किया जाएगा।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।