होम ऑक्सीजन की बढ़ती किल्लत पर पीएम की समीक्षा बैठक, निर्बाध आपूर्ति पर दिया जोर
ऑक्सीजन की बढ़ती किल्लत पर पीएम की समीक्षा बैठक, निर्बाध आपूर्ति पर दिया जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को एक समीक्षा बैठक में, कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच, मेडिकल ऑक्सीजन (Medical Oxygen) की कमी का जायजा लिया। इस बैठक में कई मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। प्रधानमंत्री मोदी ने देश में आक्सीजन आपूर्ति की वर्तमान स्थिति और कोरोना महामारी से अत्यधिक प्रभावित 12 राज्यों में आगामी 15 दिनों में इसके अनुमानित इस्तेमाल की स्थिति की समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में पीएम मोदी ने सुझाव दिया कि प्रत्येक संयंत्र (Plant) की क्षमता के अनुसार चिकित्सा ऑक्सीजन का उत्पादन बढ़ाया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री ने समीक्षा के दौरान अधिकारियों से कहा कि वह ऑक्सीजन ले जाने वाले टैंकरों का पूरे देश में निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करें। साथ ही प्रधानमंत्री ने सभी मंत्रालयों के बीच आपसी समन्वय और राज्य सरकारों के साथ सहयोग सुनिश्चित करने को कहा।
समीक्षा बैठक में पीएम को दी गई जानकारी
आपको बता दें कि महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में मेडिकल ऑक्सीजन की कमी हो गई है और कोरोना मरीजों के इलाज में दिक्कत हो रही है। हालांकि केंद्र सरकार ने 50 हजार मीट्रिक टन मेडिकल ऑक्सीजन विदेशों से मंगाने का फैसला पहले ही कर लिया है। एक दिन पहले केंद्र सरकार ने 12 राज्यों को चिन्हित किया था, जो कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित हैं। इनमें महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान शामिल हैं। केंद्र सरकार ने गुरुवार को इन राज्यों को प्राथमिकता के आधार पर ऑक्सीजन देने का फैसला लिया था।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।