होम मधुबनी हत्याकांड के बाद बिहार की राजनीति में जाति का उबाल

समाचारराजनीति Alert Star Digital Team Apr 6, 2021 09:58 PM

मधुबनी हत्याकांड के बाद बिहार की राजनीति में जाति का उबाल

मधुबनी हत्याकांड के बाद बिहार की राजनीति में जाति का उबाल

मधुबनी हत्याकांड के बाद बिहार की राजनीति में जाति का उबाल

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि जांच के बाद स्पीडी ट्रायल चलाकर मामले की सुनवाई होगी (फाइल फोटो)

होली के दिन 29 मार्च को बिहार के मधुबनी ज़िले के बेनीपट्टी थाना के मोहम्मदपुर गांव में एक ही परिवार के पाँच लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई.

मधुबनी पुलिस के मुताबिक़ इस हत्याकांड की वजह आपसी रंजिश है. इस केस के 35 नामज़द अभियुक्तों में से 11 को गिरफ़्तार किया जा चुका है. लेकिन केस का मुख्य नामज़द अभियुक्त अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर है.

यह हत्याकांड इस वक़्त बिहार की राजनीति के केंद्र में बना हुआ है. मंगलवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुँचे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इसे नरसंहार बताया है. उन्होंने पुलिस और प्रशासन के साथ भाजपा के स्थानीय विधायक पर भी अभियुक्तों को संरक्षण देने के आरोप लगाए हैं.

वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हत्याकांड को लेकर कहा है कि घटना की जाँच कराई जा रही है और स्पीडी ट्रायल चलाकर इसकी सुनवाई होगी. उन्होंने दावा किया कि किसी भी दोषी को बख़्शा नहीं जाएगा.

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इसे नरसंहार बताया है (फाइल फोटो)

हत्याकांड की वजह क्या है?

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक़ हत्याकांड की वजह दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश है. यह रंजिश एक मठ (मंदिर) की ज़मीन को लेकर है. इस पर मठ के महंत का क़ब्ज़ा था.

पुलिस रिकॉर्ड की मानें तो पिछले साल नवंबर में भी मठ की ज़मीन पर बने पोखरे से मछली पकड़ने को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी. वह मामला बेनीपट्टी थाने में एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज़ है. उस मामले के एक अभियुक्त अभी भी जेल में बंद हैं.

मधुबनी के एसपी डॉ सत्य प्रकाश ने बीबीसी से कहा, "अभी तक की जाँच में पता चला है कि यह हत्याकांड पोखर से मछली पकड़ने को लेकर हुई मारपीट का नतीजा है. घटनास्थल से कुल पाँच बाइक, गोली के आठ खोखे, एक मोबाइल, ख़ून लगे लोहे के दो रॉड और ख़ून लगी मिट्टी बरामद की गई है. फोरेंसिक जाँच से सब कुछ साफ़ हो जाएगा."

इस हत्याकांड को लेकर सीपीआई (एमएल) ने जो जाँच रिपोर्ट जारी की है, उसके मुताबिक़ हत्या की वजह पुरानी रंजिश तो है ही, इसका तात्कालिक कारण गुटखा ख़रीदने को लेकर हुआ विवाद भी था.

सीपीआई (एमएल) के राज्य सचिव कॉमरेड कुणाल कहते हैं, "हमने अपनी जाँच में पाया है कि अभियुक्त पक्ष के लोगों ने महंत के बेटे की गुमटी से गुटखा ख़रीदा, लेकिन पैसे देने से इंकार कर दिया. इस बात पर लड़ाई हुई. इसके थोड़ी देर बाद अभियुक्तों की ओर से दो दर्जन से अधिक हथियारबंद अपराधियों ने महंत के परिजनों पर हमला कर दिया."

क्या कहते हैं पीड़ित?

मधुबनी हत्याकांड के पीडितों के परिवार की तस्वीरें और वीडियो इस वक़्त सोशल मीडिया पर वायरल हैं. उनमें तीन सहोदर भाइयों समेत परिवार के पाँच सदस्यों की हत्या से समूचा परिवार ग़मगीन है.

पीडितों के परिवार के मुखिया सुरेंद सिंह ने बीबीसी से फ़ोन पर बताया, "मेरे तीन बेटों को गोलियों से भून दिया गया. एक बेटा ज़िंदा इसलिए बच गया क्योंकि वह जेल में है. अगर मैं भी वहां रहता तो वे लोग मुझे भी मार देते. वे लोग पूरी तैयारी के साथ यहां आए थे."

मठ की ज़मीन और पोखरे से मछली मारने के विवाद पर सुरेंद्र सिंह कहते हैं, "मठ के लिए वह ज़मीन हमारे पुरखों ने ही दी थी. हमारे परिवार के लोग ही हमेशा से मठ के महंत रहे हैं. पिछले साल जब उन लोगों (अभियुक्तों) ने पोखरे से जबरन मछली पकड़नी चाही तो हमने उन्हें रोका. उन्होंने मेरे ही बड़े बेटे के पैर काट दिए और उल्टा उसी के ख़िलाफ़ एससी/एसटी एक्ट के तहत मुक़दमा दर्ज कराकर उसे जेल भिजवा दिया."

पीडितों के परिजनों का आरोप है कि स्थानीय पुलिस और प्रशासन अभियुक्तों को हमेशा से संरक्षण देता आया है क्योंकि उनकी राजनीतिक पैठ बहुत ज़्यादा है.

Alert Star Digital Team

Alert Star Digital Team

एलर्ट स्टार नाम की पत्रिका और फिर समाचार-पत्र का जन्म हुआ। हमारा प्रयास कि हम निष्पक्ष और निडर पत्रकारिता का वह स्वरूप अपने पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करे। जो लोगो के मन मस्तिष्क में एक भरोसे के रूप में काबिज हो।

Leave A comment

महत्वपूर्ण सूचना -

भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।

Recent Updates

Most Popular

(Last 14 days)