होम देश में कोरोना का कहर! 8 अप्रैल को सभी राज्यों के CM के साथ बैठक करेंगे पीएम मोदी
देश में कोरोना का कहर! 8 अप्रैल को सभी राज्यों के CM के साथ बैठक करेंगे पीएम मोदी
भारत में एक बार फिर कोरोना वायरस तेजी से पैर पसार रहा है। भारत ने दैनिक तौर पर सामने आने वाले कोरोना मामलों की संख्या में ब्राजील और संयुक्त राज्य अमेरिका को भी पीछे छोड़ दिया है और वह दुनिया में सर्वोच्च स्थान पर पहुंच चुका है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोरोना की स्थिति पर चर्चा के लिए गुरुवार को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। बैठक शाम 6:30 बजे आयोजित की जाएगी। इस बैठक में प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से टीकाकरण से संबंधित मुद्दों के साथ-साथ देशभर में कोविड-19 महामारी की वर्तमान स्थिति और महामारी की दूसरी लहर पर अंकुश लगाने के उपायों पर चर्चा करेंगे।
यह बैठक पिछले 24 घंटों में 1,03,558 नए कोरोनावायरस मामलों की पृष्ठभूमि में आयोजित हो रही है, जो पिछले साल महामारी की शुरुआत के बाद से अब तक का सबसे अधिक एकल-दिवसीय वृद्धि है। नए मामलों के बाद सोमवार को भारत में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 1,25,89867 पहुंच चुकी है।
देश में कोविड-19 मामलों और मृत्युदर में हुई वृद्धि के बाद स्थिति चिताजनक हो चुकी है। देश के 10 राज्यों में 91 प्रतिशत से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री ने रविवार को भी एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की थी और कोरोना पर लगाम कसने को लेकर निर्देश दिए थे।
उन्होंने ऐसे सभी राज्यों और इलाकों में व्यापक प्रतिबंधों के साथ आवश्यक कड़े कदम उठाने का आह्वान किया था, जहां स्थिति अधिक खराब है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के साथ 17 मार्च को एक बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा था कि भारत को कोविड-19 संक्रमणों की एक दूसरी लहर को रोकने के लिए जल्द ही त्वरित और निर्णायक कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दैनिक निगरानी होनी चाहिए।
महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, केरल, छत्तीसगढ़, चंडीगढ़, गुजरात, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, दिल्ली और हरियाणा को गंभीर चिंता वाले राज्य माना गया है। वर्तमान में सक्रिय मामले बढ़कर 7,41,830 हो गए हैं, जो कि कुल संक्रमण का 5.89 प्रतिशत है, जबकि रिकवरी रेट अब घटकर 92.80 प्रतिशत हो गई है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।