होम प्रकाश जावडेकर ने कहा, देश में हर हिस्से में हो रहे चुनावों में कृषि कानूनों पर लग रही मुहर
प्रकाश जावडेकर ने कहा, देश में हर हिस्से में हो रहे चुनावों में कृषि कानूनों पर लग रही मुहर
गुजरात महानगर पालिका के बाद राज्य की सभी जिला पंचायतों में मिली जीत से उत्साहित भाजपा ने इसे नए कृषि कानून के प्रति किसानों और आम जनता का समर्थन बताया है। केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा कि कांग्रेस समेत कुछ विपक्षी दल कृषि कानून के विरोध समेत कुछ मुद्दों पर नकारात्मक माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। जनता ने ऐसे तत्वों को नकार दिया है और स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास से जनता खुश है। संसद से कृषि कानून पारित होने के बाद देश के लगभग सभी हिस्सों में चुनाव हुआ है और भाजपा को जनता ने जीत दिलाई है।
प्रधानमंत्री मोदी के विकास एजेंडे से खुश है देश की जनता
बिहार का विधानसभा चुनाव हो या फिर 11 राज्यों में हुए उपचुनाव। हैदराबाद के निकाय चुनाव हों या फिर गुजरात के शहरी और ग्रामीण स्थानीय निकायों में चुनाव, भाजपा का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा। जावडेकर ने कहा कि 58 सीटों पर उपचुनाव हुए थे जिसमे से भाजपा को 40 सीटें मिली। गुजरात की सभी 31 जिला पंचायतों में भाजपा जीती है, जबकि 2015 में कांग्रेस को 22 सीटें मिली थी। इसी तरह तालुका पंचायत जो ग्रामीण क्षेत्र है वहां भी 231 में से 196 पर भाजपा ने फतह हासिल की है। क्या इसका साफ अर्थ नहीं है कि किसान नरेंद्र मोदी सरकार के विकास कार्यो से खुश है और कृषि कानूनों को अपने हित में मान रहे हैं।
जनता को विरोधी दलों का अवरोध पसंद नहीं
लद्दाख हिल काउंसिल, बोडोलैंड टेरीटोरियल काउंसिल समेत राजस्थान की पंचायत समिति, जिला परिषद और ब्लाक पंचायत चुनाव में भी शानदार जीत मिली। जम्मू कश्मीर में हुए डीडीसी चुनाव में भी भाजपा सबसे बड़ी पार्टी होकर उभरी। शहर से लेकर गांव तक जनता का समर्थन भाजपा को मिला लेकिन कांग्रेस दूसरी डफली बजा रही है। चुनावों में जनता साफ संदेश दे रही है कि उसे विरोधी दलों का अवरोध पसंद नहीं आ रहा है। कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो रहा है लेकिन वह बाज नहीं आ रही है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।