होम प्रियंका गांधी ने कहा- उत्तर प्रदेश की सरकार खनन माफिया के लिए चलाई जा रही
प्रियंका गांधी ने कहा- उत्तर प्रदेश की सरकार खनन माफिया के लिए चलाई जा रही
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के यमुनापार बसवार गांव में कथित पुलिस उत्पीड़न के शिकार लोगों के बीच रविवार को आईं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की सरकार खनन माफिया एवं दूसरे अन्य माफियाओं के लिए चलाई जा रही है. गत चार फरवरी को बसवार में बालू के अवैध खनन को लेकर इसमें कथित रूप से लिप्त निषाद समाज के लोगों के साथ पुलिस की मारपीट और उनकी नौका तोड़े जानी की घटना के बाद प्रियंका गांधी का यह दौरा हुआ है जो राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है.
पिछली कांग्रेस सरकार के कामों के बारे में बतायाः
बसवार गांव में यमुना तट पर लगी चौपाल में प्रियंका ने लोगों से कहा कि यहां के लोगों ने मुझे बताया कि किस तरह से पहले पट्टे मिलते थे, आपका उन पर अधिकार होता था और आपको कुछ चीजों की छूट थी. यह छूट इसलिए थी क्योंकि उस समय की सरकार यह समझती थी कि नदियों, जंगल, पहाड़ के आसपास के रहने वाले लोग नदियों और जंगल को कभी हानि नहीं पहुंचाएंगे क्योंकि आपका जीवन उस पर निर्भर है. उन्होंने कहा कि लेकिन बड़े बड़े उद्योग चलाने वाले लोगों, ठेकेदारों का जीवन नदी, जंगल आदि से नहीं जुड़ा होता और जब वे काम करते हैं तो वे व्यापार करते हैं. उन्हें नदी, जंगल आदि के नुकसान से कोई लेनादेना नहीं होता.
प्रियंका गांधी ने राज्य़ सरकार को लिया आड़े हाथः
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि आपका जीवन ही इसी काम पर निर्भर है और जब यह बात सरकार समझती है और आपके प्रति जागरूक होती है तो वह इसी के मुताबिक नीतियां, नियम और कानून बनाती है जिससे आपका भला हो और नदी का भी भला हो. उन्होंने कहा कि लेकिन प्रदेश की सरकार आपके के लिए नहीं चल रही है. यह खनन माफिया के लिए चलाई जा रही है. यह अन्य माफियाओं के लिए भी चलाई जा रही है. आपने किसानों के आंदोलन के बारे में सुना होगा. वह इसीलिए चल रहा है क्योंकि उनके मामलों को भी सरकार समझ नहीं रही है या पूरी तरह से समझ भी रही है लेकिन मदद नहीं करना चाहती. कांग्रेस नेता ने कहा कि इसी तरह से जो कानून नदियों पर लागू है, वह आपकी और नदियों की भलाई के लिए नहीं है. ये कानून इसलिए लागू किए जा रहे हैं जिससे बड़े लोग अपना कारोबार कर सकें, नदी से कमाई कर सकें.
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।