होम बंगालः BJP अध्यक्ष नड्डा का ममता पर हमला, बोले- आपराधिक मानसिकता से काम कर रही सरकार
बंगालः BJP अध्यक्ष नड्डा का ममता पर हमला, बोले- आपराधिक मानसिकता से काम कर रही सरकार
नई दिल्ली. बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) ने बंगाल (West Bengal) की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (Trinamool Congress) पर शनिवार को निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार आपराधिक मानसिकता के साथ काम कर रही है. बंगाल विधानसभा चुनाव (Bengal Assembly Election 2021) से पहले पार्टी के प्रचार कार्यक्रम में पहुंचे जेपी नड्डा ने कहा कि पिछले साल मेरे काफिले को निशाना बनाया गया और इससे पता चलता है कि सुरक्षा घेरे में चल रहे एक नेता पर भी हमला हो सकता है और ये राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति को बताता है.
ANI ने जेपी नड्डा के हवाले से लिखा, "राज्य की सत्ताधारी पार्टी आपराधिक मानसिकता के साथ काम कर रही है. भ्रष्टाचार को संस्थागत बना दिया गया है. मेरे जैसे सुरक्षा घेरे में चल रहे नेता पर हमला राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति को दर्शाता है, जिस पर एक आम नागरिक की सुरक्षा का जिम्मा है." बता दें कि दिसंबर महीने में बीजेपी अध्यक्ष नड्डा के काफिले पर हमला हुआ था, जब वे कोलकाता से डायमंड हार्बर के लिए जा रहे थे. बर्धमान जिले में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा, "पिछली बार जब मैं यहां आया था और डायमंड हार्बर जाते हुए जिस तरह मेरा स्वागत हुआ, वो प्रशासनिक और राजनीतिक पार्टी के बीच मिलीभगत की योजना का हिस्सा था. पूरे देश ने इसे देखा है. गृह मंत्रालय ने इसका संज्ञान लिया. आज मैं दोबारा यहां आया हूं और अब तक अच्छा रहा है."
बीजेपी अध्यक्ष शनिवार की दोपहर पश्चिमी बर्धमान जिले में स्थित काजी नजरूल इस्लाम एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से हेलिकॉप्टर के जरिए पूर्वी बर्धमान जिले में जगदानंदपुर गांव पहुंचे. नड्डा ने शहर में क्लॉक टॉवर से लॉर्ड कर्जन गेट तक रोड शो भी निकाला. केंद्र सरकार के खिलाफ किसान विरोधी होने के आरोपों को धता बताने के लिए जेपी नड्डा ने बंगाल में शनिवार को एक मुट्ठी चावल कार्यक्रम की शुरुआत की. बीजेपी अध्यक्ष ने चार घरों से एक-एक मुट्ठी चावल इकट्ठा किया और नए कृषि कानूनों पर लोगों को जानकारी दी.
उन्होंने कहा, "मैं आज चार घरों में गया. लोगों से अनाज लिया और शपथ ली कि जब हम सत्ता में आएंगे तो किसानों को किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिया जाएगा. साथ ही केंद्र की आयुष्मान योजना को भी जस का तस लागू किया जाएगा, ताकि लोगों को लाभ मिल सके."
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।