होम घर-घर भगवा छाएगा, राम राज्य फिर आयेगा.
घर-घर भगवा छाएगा, राम राज्य फिर आयेगा.
आगरा। 'बच्चा-बच्चा राम का, जन्म भूमि के काम का', 'एक ही नारा, एक ही नाम, जय श्री राम जय श्रीराम' और 'घर-घर भगवा छाएगा, राम राज्य फिर आयेगा' के नारों से आज शनिवार को पूरा कमला नगर क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। सड़कों पर हजारों की संख्यां में रामभक्तों भीड़ हाथों में भगवा झंडा लेकर दिखाई दे रही थी और चारों ओर प्रभु श्रीराम के नारे लग रहे थे। दरअसल अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए संपूर्ण भारतवर्ष में चलाये जा रहे निधि संग्रह अभियान के अंतर्गत आज शनिवार सुबह कमला नगर क्षेत्र में भव्य प्रभात फेरी निकाली गयी जिसका नेतृत्व महापौर नवीन जैन ने किया। ढोल-नगाड़े के साथ इस प्रभात फेरी का शुभारंभ महापौर कैम्प कार्यालय से किया गया।
सबसे पहले महापौर नवीन जैन ने बल्केश्वर मंडल के पदाधिकारियों, पार्षदों और क्षेत्रवासियों के साथ एक भव्य रथ पर सवार प्रभु श्रीराम परिवार के स्वरूप की आरती की उसके बाद शंखनाद करते हुए प्रभात फेरी का शुभांरभ किया गया। इस प्रभात फेरी में शामिल सभी लोंगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। चारों ओर प्रभु श्रीराम के भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो रहा था और रामभक्त नाचते-झूमते दिखाई दे रहे थे। इस प्रभात फेरी में कई रामभक्त अपने दोपहिया और चार पहिया वाहन में सवार होकर भी साथ चल रहे थे। बड़ों से लेकर बच्चे तक हाथों में भगवा झंडा लिए हुए थे तो कई बच्चे भगवान हनुमान का मुखौटा लगा कर 'जय श्री राम' के नारे लगा रहे थे। वहीं सैकड़ों की संख्या में महिलाएं भी शामिल हुई जो प्रभात फेरी में सबसे आगे चलते हुए राम भजन गा रही थीं।
यही उत्साह और उमंग कमला नगर के वासियों में भी देखने को मिला। जगह-जगह कई घरों में लोग अपने दरवाजे पर सपरिवार पूजा की थाली लेकर प्रभात फेरी के स्वागत को इंतजार कर रहे थे। जैसे ही फेरी उनके दरवाजे पर पहुंची वैसे ही स्वागत के इंतजार में खड़े लोगों ने फूल बरसाये। प्रभु श्रीराम परिवार के स्वरूप की आरती की और उसके बाद इस यात्रा का नेतृत्व कर रहे महापौर नवीन जैन का अभिनंदन किया। वहीं कई लोग अपने घरों की बालकनी और छतों पर खड़े होकर इस प्रभात फेरी को निहार रहे थे और प्रभु श्रीराम के भजनों व गीतों पर तालियां बजाकर इस यात्रा का समर्थन कर रहे थे।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।