होम शिवसेना के पूर्व नेता के NCP में शामिल होने के बारे में शरद पवार ने किया ट्वीट, बाद में हटाया
शिवसेना के पूर्व नेता के NCP में शामिल होने के बारे में शरद पवार ने किया ट्वीट, बाद में हटाया
मुंबई: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख शरद पावार के ट्विटर अकाउंट से शुक्रवार को किये गये एक ट्वीट में सोलापुर के एक पूर्व शिवसेना नेता के पार्टी में शामिल होने की जानकारी दी गई, लेकिन बाद में उसे (ट्वीट) हटा लिया गया. सूत्रों ने बताया कि शिवसेना के पूर्व नेता महेश कोठे और उनके सहयोगी यहां पवार से मिले थे, लेकिन पार्टी में शामिल नहीं हुए.
महाराष्ट्र में शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस गठबंधन (महा विकास आघाड़ी) सत्ता में है, ऐसे में अतीत में एक पार्टी के नेताओं के दूसरी पार्टी में जाने से तनाव पैदा हो गया था. मीडिया में आई खबरों में कहा गया है कि कोठे ने बृहस्पतिवार को घोषणा की थी कि वह शिवसेना छोड़ रहे हैं. शुक्रवार को शिवसेना की सोलापुर इकाई ने उन्हें पार्टी से निष्कासित करने की घोषणा की.
पवार ने शुक्रवार को मराठी में किये गये एक ट्वीट में कहा, ''सोलापुर नगर निगम में विपक्ष के नेता महेश कोठे और उनके सहकर्मी आज राकांपा में शामिल हो गये. पार्टी और महा विकास आघाड़ी में उनका स्वागत है. '' हालांकि, बाद में यह ट्वीट उनके अकाउंट पर उपलब्ध नहीं था.
एनसीपी के एक सूत्र ने कहा, ''कोठे ने पवार से मुलाकात की लेकिन पार्टी में शामिल नहीं हुए. इसलिए, ट्वीट को पवार की सोशल मीडिया टीम ने हटा दिया. ''
गौरतलब है कि पिछले साल अहमदनगर जिले के पारनेर से शिवसेना के पांच पार्षद राकांपा में शामिल हो गये थे, जिसे लेकर सत्तारूढ़ गठबंधन में तनाव पैदा हो गया था. हालांकि, ये पार्षद बाद में शिवसेना में लौट गये थे.
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।