होम टेस्ट टीम में हार्दिक की वापसी पर हुआ फैसला, कप्तान कोहली ने कहा- संतुलन जरूरी
टेस्ट टीम में हार्दिक की वापसी पर हुआ फैसला, कप्तान कोहली ने कहा- संतुलन जरूरी
ऑस्ट्रेलिया (Australia) के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज में अपनी बेहतरीन बैटिंग के दम पर लगातार चर्चा में बने हुए भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या (Hardik Pandya) को टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया (Team India) का हिस्सा बनाए जाने की मांग हो रही है. हार्दिक ने भी खुद इसकी ओर संकेत किया था, लेकिन अब भारतीय कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) ने इस मुद्दे पर सभी अटकलों को विराम दिया है और कहा है कि हार्दिक बतौर ऑलराउंडर ही टीम का हिस्स बन सकते हैं. कोहली ने कहा कि टीम के संतुलन के लिए ये जरूरी है.
वनडे-टी20 में हार्दिक ने बनाए खूब रन
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 17 दिसंबर से टेस्ट सीरीज की शुरुआत हो रही है. इस सीरीज के लिए हार्दिक को टीम में शामिल नहीं किया गया था, क्योंकि वह चोट के चलते एक साल बाद टीम में वापसी कर रहे थे और साथ ही फिलहाल गेंदबाजी भी नहीं कर पा रहे हैं. हालांकि, वनडे और टी20 सीरीज में हार्दिक ने 6 मैचों में 288 रन बनाए. इस दौरान हार्दिक ने सिर्फ दूसरे वनडे में 4 ओवर कराए.
टेस्ट टीम के लिए गेंदबाजी जरूरी
सिडनी में तीसरे टी20 मैच के बाद भारतीय कप्तान ने हार्दिक की जमकर तारीफ की लेकिन कहा कि टेस्ट क्रिकेट की चुनौती कुछ अलग है और संतुलन की ज्यादा जरूरत है. कोहली ने कहा,
“हार्दिक शानदार रहे हैं. हमें कोई ऐसा मिला है जो हमारे लिए मैच फिनिश कर सकता है, लेकिन टेस्ट क्रिकेट एक अलग तरह की चुनौती है. टेस्ट टीम को संतुलित बनाए रखने के लिए हमें उनसे गेंदबाजी करवाने की जरूरत है.”
कोहली ने 2018 के इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका दौरे का उदाहरण देते हुए कहा कि गेंदबाजी की स्थिति में ही उन्हें टीम में जगह मिल सकती है. कोहली ने कहा, "अगर आपने देखा हो तो साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड में (टेस्ट सीरीज में) उनकी गेंदबाजी ने टीम को संतुलन दिया था. वह केवल बतौर ऑलराउंडर ही टेस्ट के लिए उपलब्ध होंगे.”
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।