होम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बोले-फिल्म उद्योग को मुंबई से बाहर ले जाने का कोई इरादा नहीं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बोले-फिल्म उद्योग को मुंबई से बाहर ले जाने का कोई इरादा नहीं
मुंबईः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि उनके राज्य की, फिल्म उद्योग को मुंबई से बाहर ले जाने की इच्छा नहीं है।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि हालांकि यह खुली प्रतिस्पर्धा है और जो प्रतिभा को उभरने के लिए सही माहौल और सुरक्षा दे सकेगा, उसे निवेश मिलेगा।
योगी की मुंबई यात्रा से पहले महाराष्ट्र के सत्तारूढ़ गठबंधन के घटक कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि फिल्म सिटी को मुंबई से छीन कर उत्तर प्रदेश ले जाने की साजिश रची जा रही है।
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी कहा था कि किसी को फिल्मोद्योग को 'जबरन' यहां से ले जाने नहीं दिया जाएगा।
आदित्यनाथ ने कहा, 'हम किसी का निवेश नहीं छीन रहे हैं।' उन्होंने कहा, 'कोई अपने साथ कुछ नहीं ले जा सकता। यह कोई पर्स नहीं है जिसे ले जाया सकता है। यह खुली प्रतिस्पर्धा है। जो सुरक्षित माहौल, बेहतर सुविधाएं और विशेष रूप से सामाजिक सुरक्षा दे सकेगा, उसे निवेश प्राप्त होगा।'
महाराष्ट्र की गठबंधन सरकार के अगुवा दल शिवसेना के सांसद संजय राउत के बयान का जवाब देते हुए आदित्यनाथ ने कहा, 'हम यहां से कुछ लेकर जाने के लिए नहीं आए हैं। हम कुछ नया निर्माण कर रहे हैं। आप क्यों चिंतित हो रहे हैं? हम सभी को विश्व स्तरीय अवसंरचना दे रहे हैं। इसलिए सभी को ऊपर उठकर सोचना चाहिए, सोच का दायरा बढ़ाना चाहिए और बेहतर सुविधाएं देनी चाहिए। जो यह कर सकेगा उसे लोग मिलेंगे।'
राउत ने कहा था कि किसी भी अन्य शहर में फिल्मसिटी जैसी सिटी खड़ी करना एक मुश्किल कार्य है।
आदित्यनाथ ने कहा कि उन्होंने निर्देशकों, निर्माताओं और अभिनेताओं समेत बॉलीवुड के विशेषज्ञों से मुलाकात की और उनसे नोएडा में 1000 एकड़ क्षेत्र में बनने वाली फिल्म सिटी पर चर्चा की।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि नोएडा फिल्म सिटी, जेवर हवाई अड्डे से छह किलोमीटर दूर स्थित होगी और दिल्ली, आगरा और मथुरा से भी जुड़ी होगी।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।