होम केंद्र ने कई राज्यों में कोरोना के बढ़ते मामलों की रोकथाम के लिए बनाई टीमें
केंद्र ने कई राज्यों में कोरोना के बढ़ते मामलों की रोकथाम के लिए बनाई टीमें
नई दिल्ली- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रतिदिन कोरोना के नए मामलों और इससे होने वाली मौतों में इजाफा देखा जा रहा है। यही नहीं एनसीआर से लगे हरियाणा और राजस्थान के इलाकों में भी इसका असर देखा जा रहा है। समाचार एजेंसी पीटीआइ के मुताबिक, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात और मणिपुर के कुछ जिलों में कोरोना के ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। इसे देखते हुए केंद्र सरकार ने उच्चस्तरीय टीमें इन राज्यों में रवाना की हैं।केंद्र सरकार की ओर से रवाना की गई ये टीमें संक्रमण के मामलों की रोकथाम, निगरानी, जांच और कुशल नैदानिक प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में राज्यों को मदद करेंगी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि दिल्ली में रोजाना आ रहे कोविड -19 मामलों का प्रभाव हरियाणा और राजस्थान में आने वाले एनसीआर क्षेत्रों में देखा जा रहा है। इन इलाकों में कोविड-19 संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है।
मंत्रालय के मुताबिक, हरियाणा की तीन सदस्यीय टीम का नेतृत्व अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानी एम्स दिल्ली के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया कर रहे हैं जबकि राजस्थान टीम का नेतृत्व नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल कर रहे हैं। वहीं गुजरात टीम की अगुवाई राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (National Centre for Disease Control, NCDC) के निदेशक डॉ. एसके सिंह कर रहे हैं। मणिपुर की टीम की अगुवाई अतिरिक्त डीडीजी, डीएचजीएस डॉ. एल. स्वास्तिचरण कर रहे हैं।समाचार एजेंसी पीटीआइ ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि टीमें उन जिलों का दौरा करेंगी जहां कोरोना के सबसे ज्यादा केस सामने आ रहे हैं। ये केंद्रीय टीमें संक्रमण की रोकथाम और नियंत्रण उपायों, निगरानी, जांच के क्षेत्र में राज्यों की ओर से की जा रही कोशिशों को मजबूत करने की दिशा में सहयोग करेंगी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि केंद्रीय टीमें समय पर जांच और अन्य संबंधित चुनौतियों से निपटने में राज्यों का मार्गदर्शन करेंगी।इस बीच बुधवार को देश में संक्रमितों का आंकड़ा 89 लाख को पार कर गया। इनमें से 83 लाख से अधिक लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही मरीजों के ठीक होने की दर 93.52 फीसद हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 38,617 नए मामले सामने आए जबकि 474 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही देश में संक्रमित की संख्या बढ़कर 89,12,907 जबकि मृतकों की संख्या बढ़कर 1,30,993 हो गई है।
बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा मौतें राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हुई हैं। एक दिन में दिल्ली में 99, महाराष्ट्र में 68, पश्चिम बंगाल में 52, पंजाब में 30, केरल में 27 और हरियाणा में 25 लोगों की मौत हुई है। देश में अब तक संक्रमण से हुई कुल मौतों 1,30,993 में महाराष्ट्र में सबसे ज्याद 46,102 लोगों की जान गई है। इसके बाद कर्नाटक में 11,557, तमिलनाडु में 11,513, दिल्ली में 7,812, पश्चिम बंगाल में 7,766, उत्तर प्रदेश में 7,412, आंध्र प्रदेश में 6,890, पंजाब और गुजरात में क्रमश: 4,510 व 3,815 लोगों की मौत हुई है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।