होम चिराग पासवान ने कहा- JDU को नुकसान पहुंचाना था मेरा लक्ष्य, नीतीश का समर्थन नहीं करेंगे
चिराग पासवान ने कहा- JDU को नुकसान पहुंचाना था मेरा लक्ष्य, नीतीश का समर्थन नहीं करेंगे
लोजपा नेता चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव में जदयू के खिलाफ उम्मीदवारों को उतारने के अपने निर्णय का बचाव करते हुए बुधवार को कहा कि वह भाजपा को लाभ और नीतीश कुमार की जद(यू) को नुकसान पहुंचाना चाहते थे और इसमें वे सफल रहे। चिराग ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर जदयू को कम सीटें आने के बावजूद भी राजग नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय पर कायम रहता है तब वह बिहार में उस सरकार का समर्थन नहीं करेंगे।लोजपा नेता ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ हमने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि न तो महागठबंधन और न ही नीतीश कुमार हमें स्वीकार होंगे। ’’ लोजपा के कारण चुनाव में जद(यू) को नुकसान होने के बारे में एक सवाल के जवाब में चिराग पासवान ने कहा ‘‘आंकड़े बताते हैं कि कितनी ही ऐसी सीटें हैं जिस पर लोजपा के कारण जद(यू) को नुकसान हुआ है। हमने शुरू से ही कहा है कि भाजपा को लाभ पहुंचाना और जदयू को नुकसान पहुंचाना हमारा उद्देश्य है और यह बात किसी से छिपी नहीं थी।’’ एक संवाददाता सम्मेलन में चिराग ने कहा ‘‘इसके साथ ही हम चाहते थे कि लोजपा का प्रदर्शन बेहतर रहे और सीटों के हिसाब से हम ऐसा नहीं कर पाये। लेकिन इस चुनाव में पार्टी का आधार मजबूत हुआ है और हम 2025 में मजबूती के साथ उतरेंगे।’’बिहार चुनाव में एक सीट जीतने वाली पार्टी लोजपा के नेता चिराग ने कहा ‘‘ हमें 25 लाख लोगों के वोट मिले हैं। इस तरह बिहार के लोगों ने हमें अपना प्यार दिया है और ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ को समर्थन दिया। चुनाव में अकेले लड़ते हुए हमने 6 फीसदी वोट हासिल किए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ हमें पिछलग्गू पार्टी कहा जाता था जो केवल दूसरे के समर्थन से कुछ कर सकती है, लेकिन हमने साहस दिखाया।’’ चिराग ने कहा कि उन्हें इस बात की प्रसन्नता है कि भाजपा ने चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया है और काफी मजबूत होकर उभरी है। उन्होंने वैचारिक मतभेद का हवाला देते हुए महागठबंधन से किसी तरह के समझौते की संभावना से इंकार किया। चिराग पासवान ने उम्मीद जतायी कि भाजपा के साथ केंद्र में उनके संबंधों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा, ‘‘ बिहार में राजग की जीत के लिये अगर कोई बधाई का पात्र है तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनके ‘आत्मनिर्भर भारत’ की सोच में विश्वास व्यक्त किया है। हम हमेशा से बिहार में भाजपा के नेतृत्व और लोजपा के समर्थन वाली सरकार चाहते थे। लेकिन हम जनादेश का सम्मान करते हैं। ’’ पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत रामविलास पासवान के पुत्र चिराग ने कहा कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के रूप में बिहार के लिये अच्छे नहीं हैं और उनके नेतृत्व वाली सरकार का समर्थन करने का कोई सवाल ही नहीं है।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।