होम खड़गपुरः बंगाल में भाजपा को झटका, चार नेता अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ तृणमूल कांग्रेस में शामिल
खड़गपुरः बंगाल में भाजपा को झटका, चार नेता अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ तृणमूल कांग्रेस में शामिल
पश्चिम बंगाल के खड़गपुर से भाजपा के चार नेता अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ बुधवार को तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए जिससे इस औद्योगिक क्षेत्र में तृणमूल को बल मिला है।
पार्टी मुख्यालय में राज्य की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य की उपस्थिति में भाजपा नेता शैलेन्द्र सिंह, अजय चटर्जी, राजदीप गुहा और सजल रॉय तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। भट्टाचार्य ने कहा कि सिंह भाजपा की ट्रेड यूनियन इकाई भारतीय मजदूर संघ के कद्दावर नेता रहे हैं वहीं खड़गपुर शहर के कई वार्डों में गुहा को व्यापक जन समर्थन हासिल है।
उन्होंने कहा कि रॉय ग्रामीण क्षेत्रों के लोकप्रिय नेता हैं और चटर्जी लम्बे समय तक भाजपा के साथ रहे हैं। भट्टाचार्य ने पीटीआई-भाषा से कहा, 'यह भाजपा और उसके प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष के लिए पश्चिम मेदिनीपुर जिले और खड़गपुर में बड़ा झटका है। यह दिखाता है कि विधानसभा क्षेत्र के लोग भाजपा के साथ नहीं हैं।
पिछले साल के उप चुनाव से यह स्पष्ट हो गया था।' तृणमूल कांग्रेस ने पिछले साल हुए उप चुनाव में खड़गपुर सदर की सीट पर पहली बार जीत हासिल की थी। भाजपा के चार नेताओं के तृणमूल में शामिल होने पर दिलीप घोष ने कहा, 'कुछ लालची लोगों का भाजपा में रह कर भी तृणमूल से संपर्क था। वह चले गए। उनका नकाब उतर गया है। इससे पार्टी को कोई नुकसान नहीं होगा।'
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।