होम राहुल गांधी ने बीजेपी पर फ़ेसबुक-व्हाट्सऐप नियंत्रण को लेकर लगाया आरोप
राहुल गांधी ने बीजेपी पर फ़ेसबुक-व्हाट्सऐप नियंत्रण को लेकर लगाया आरोप
एक प्रमुख अमरीकी अख़बार की हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बीजेपी और आरएसएस भारत में फ़ेसबुक और व्हाट्सऐप का नियंत्रण करती है और नफ़रत फैलाती है.
बीजेपी के वरिष्ठ नेता और संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी के केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी के इन आरोपों का तीखे लहज़े में जवाब दिया.
रविशंकर प्रसाद ने जवाब में लिखा कि 'हारे हुए लोग ये कहते हैं कि पूरी दुनिया पर बीजेपी और आरएसएस का कंट्रोल है.'
रविशंकर प्रसाद ने ट्वीट किया, "जो लूज़र ख़ुद अपनी पार्टी में भी लोगों को प्रभावित नहीं कर सकते वो इस बात का हवाला देते रहते हैं कि पूरी दुनिया को बीजेपी और आरएसएस नियंत्रित करती है."
लेख में क्या लिखा है
दरअसल वॉल स्ट्रीट जनरल ने हाल में एक लेख प्रकाशित किया, जिसका शीर्षक था - 'फ़ेसबुक हेट-स्पीच रूल्स कोलाइड विद इंडियन पॉलिटिक्स '. इसमें दावा किया गया कि फ़ेसबुक, सत्तारूढ़ बीजेपी से जुड़े नेताओं की हेट स्पीच के मामले में नियमों में ढील बरतता है. रिपोर्ट में तेलंगाना से बीजेपी सांसद टी राजा सिंह की एक पोस्ट का हवाला दिया गया था जिसमें कथित रूप से अल्पसंख्यकों के ख़िलाफ़ हिंसा की वकालत की गई थी.
रिपोर्ट में मामले की जानकारी रखने वाले फ़ेसबुक के मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों से बातचीत का हवाला देकर कई बातें लिखी गई हैं. जिनमें दावा किया गया है कि फ़ेसबुक के इंटरनल स्टाफ़ ने तय किया था कि पॉलिसी के तहत राजा को बैन कर देना चाहिए, लेकिन भारत में फ़ेसबुक की शीर्ष अधिकारी अनखी दास ने सत्तारूढ़ बीजेपी के नेताओं पर हेट स्पीच रूल्स लागू करने का विरोध किया था.
वॉल स्ट्रीट जनरल की रिपोर्ट के मुताबिक़, फेसबुक इंडिया की पब्लिक पॉलिसी डायरेक्टर अनखी दास ने स्टाफ़ से कहा कि बीजेपी नेताओं की पोस्ट पर कार्रवाई करने से देश में कंपनी के कारोबार को नुक़सान होगा.' दरअसल फ़ेसबुक के लिए यूज़र्स के लिहाज़ से भारत सबसे बड़ा बाज़ार है. इस लेख में प्रकाशित बातों की बीबीसी हिंदी ने स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है.
अनखी दास की बहन रश्मि दास जेएनयू में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ी रही हैं. रश्मि दास अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी छात्र संघ के उम्मीदवार के तौर पर 1996 में महासचिव चुनी गई थी.
रिपोर्ट छपने के बाद गरमाई सियासत
इस रिपोर्ट के छपने के बाद से भारत की सियासत गरमा गई. ट्वीटर पर इस मामले में खूब चर्चा होने लगी. ट्रेंड चलने लगे. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीजेपी और आरएसएस पर इसको लेकर निशाना साधा है.
लेकिन रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस पर पुराने आरोपों को गिनाते हुए कहा कि, "चुनाव से पहले डेटा को हथियार बनाने के लिए कैंब्रिज एनालिटिका और फ़ेसबुक के साथ आपके गठजोड़ को रंगे हाथों पकड़ा गया था और अब आपकी हिम्मत हमसे सवाल करने की हो गई?"
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।