होम यूपी/ शिक्षक भर्ती में गड़बड़ी के तथ्य सामान्य नहीं, कांग्रेस करेगी आन्दोलन: प्रियंका वाड्रा
यूपी/ शिक्षक भर्ती में गड़बड़ी के तथ्य सामान्य नहीं, कांग्रेस करेगी आन्दोलन: प्रियंका वाड्रा
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव तथा उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा प्रदेश में बेसिक शिक्षा विभाग में भर्ती को लेकर एक बार फिर सरकार पर निशाना साधा है। प्रियंका ने इसकी तुलना मध्य प्रदेश के व्यापम घोटाला से करते हुए कहा है कि युवाओं को न्याय नहीं मिलने पर पार्टी आन्दोलन करेगी।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को ट्वीट किया कि 69,000 शिक्षक भर्ती घोटाला उप्र का व्यापम घोटाला है। इस मामले में गड़बड़ी के तथ्य सामान्य नहीं हैं। डायरियों में स्टूडेंट्स के नाम, पैसे का लेनदेन, परीक्षा केंद्रों में बड़ी हेरफेर, इन गड़बड़ियों में रैकेट का शामिल होना, ये सब दर्शाता है कि इसके तार काफी जगहों पर जुड़े हैं।
उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले युवाओं के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। सरकार अगर न्याय नहीं दे सकी तो इसका जवाब आन्दोलन से दिया जाएगा।
प्रियंका ने कहा कि 68500 भर्ती मामले में भी बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई थी। युवाओं के आवाज उठाने के बाद पुनर्मूल्यांकन में लगभग 5000 अभ्यर्थी पास हुए थे। अब 69000 में भी भारी हेरफेर सामने आई है। सरकार को युवाओं की आवाज को भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार खत्म करने की माँग के बतौर देखना चाहिए।
इससे पहले रविवार को भी प्रियंका ने इस मामले को लेकर सवाल खड़े किए गए थे। उन्होंने कहा कि शिक्षक भर्ती में जिस तरह से गड़बड़ियों के मामले सामने आए हैं वो चौंकाने वाले हैं। ये गड़बड़ियां पूरी व्यवस्था पर ही प्रश्नचिन्ह हैं। उप्र के युवाओं का भविष्य रौंदा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार इन गड़बड़ियों से जुड़े सारे तथ्य सामने लाए ताकि युवाओं की मेहनत बेकार न जाए और भर्तियों की सही प्रणाली विकसित हो।
गौरतलब है कि इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेंच ने उत्तर प्रदेश में 69,000 सहायक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया पर अंतरिम रोक लगायी है। मामले में अगली सुनवाई 12 जुलाई को होगी।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।