होम कोरोना को लेकर कमल नाथ का केंद्र व शिवराज सरकार पर हमला
कोरोना को लेकर कमल नाथ का केंद्र व शिवराज सरकार पर हमला
कोरोना के कारण मध्य प्रदेश में बड़ी संख्या में हो रही मौतों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने केंद्र व राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार गिराने तक लॉकडाउन रोका गया था।
शिवराज सिंह के मुख्यमंत्री की शपथ लेने के अगले दिन से ही लॉकडाउन शुरू हो गया। कोरोना से बचाव के लिए समय पर इंतजाम नहीं किए। केंद्र सरकार ने जांच किट खरीदने में लापरवाही बरती और चीन को काफी देरी से ऑर्डर दिए, जिससे आज शहरी क्षेत्रों में बहुत कम संख्या में जांच हो पा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में तो बिल्कुल नहीं हो रही है। कमल नाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश विश्व में ऐसा अनोखा राज्य है, जहां बिना कैबिनेट वाली सरकार है। विश्वव्यापी महामारी में भी राज्य में न स्वास्थ्य मंत्री है और न गृह मंत्री।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने 12 फरवरी को कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर केंद्र सरकार को सतर्क कर दिया था, लेकिन उनकी बात पर ध्यान ही नहीं दिया गया। वहीं, 12 मार्च को जब डब्ल्यूएचओ ने इसे विश्वव्यापी महामारी घोषित किया तो प्रदेश में हमारी तत्कालीन सरकार ने स्कूल-कॉलेज और मॉल बंद करने का फैसला किया।
प्रदेश में विधानसभा का बजट सत्र भी राज्यपाल के अभिभाषण के बाद 16 मार्च को 26 मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया था, लेकिन तब तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष के फैसले का मजाक उड़ाया गया। भाजपा मध्य प्रदेश में सरकार गिराने और बनाने के प्रयास में थी, इसलिए उसने संसद की कार्यवाही को भी चलाया।
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।