होम Lockdown के बाद यूपी बीजेपी की नई टीम का ऐलान संभव, मिशन-2022 के लिए क्या हैं समीकरण
Lockdown के बाद यूपी बीजेपी की नई टीम का ऐलान संभव, मिशन-2022 के लिए क्या हैं समीकरण
भारतीय जनता पार्टी (BJP) उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा पर कोरोनावायरस ( Coronavirus) संकट की वजह से ग्रहण लग गया है. देशव्यापी लॉकडाउन (National Lockdown) लागू हो जाने से चैत्र नवरात्रि तक सामने आ जाने वाली यूपी बीजेपी प्रदेश कार्यकारिणी अभी तक वेटिंग है. इस लंबे इंतजार की वजह से प्रदेश और देश की राजधानी में चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है.
बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह के नेतृत्व में बनने वाली टीम के कार्यकाल यानी साल 2022 में यूपी विधानसभा का चुनाव भी होनेवाला है. इसलिए नई टीम को लेकर वरिष्ठ नेताओं की सक्रियता भी सामने आ रही है. लोकसभा की 80 सीट और विधानसभा में 403 सीट वाले उत्तर प्रदेश पर सियासी दृष्टि से देश भर की निगाह रहती है.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी स्वाभाविक तौर पर इस बार प्रदेश कार्यकारिणी की संभावित सूची में दिलचस्पी ले रहे हैं. पिछली बार यानी उनके मुख्यमंत्री बनने के तुरंत बाद जब प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडे की टीम की सूची बनी थी तब उन्होंने कोई रुचि नहीं दिखाई थी और न ही अपनी ओर से कोई खास नाम ही जुड़वाए थे. सूची देखने की महज औपचारिकता भर निभाकर उन्होंने सहमति दे दी थी. इस बार ऐसा नहीं है.
इस बार दिख रही है सीएम योगी की दिलचस्पी
कोरोनावायरस से जंग में सबसे ज्यादा व्यस्त सीएम योगी के 19-20 मार्च को दिल्ली दौरे के बीच उनके बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और संगठन महामंत्री बी एल संतोष से मुलाकात की खबर भी सामने आई थी. हालांकि अभी तक लखनऊ में प्रदेश कार्यकारिणी के मसले पर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह या प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल से इस बारे में उनकी किसी मुलाकात की खबर सामने नहीं आई है.
सूत्रों के अनुसार सीएम योगी आदित्यनाथ जिन नामों को प्रदेश कार्यकारिणी में देखना चाहते हैं उनमें प्रमुख रूप से कामेश्वर सिंह, राघवेंद्र सिंह, भूपेश चौबे, ओ पी श्रीवास्तव और भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पद हेतु हर्षवर्धन सिंह शामिल हैं. चर्चा यह भी है कि गोरखपुर के रहनेवाले मौजूदा प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ला और प्रदेश प्रवक्ता समीर सिंह के नाम को सीएम योगी की ओर से हरी झंडी मिलने में मुश्किल हो सकती है.
सबसे बड़ा मुद्दा होगा क्षेत्रीय अध्यक्षों का बदलाव
बीजेपी के विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक नयी कार्यकारिणी बनने में सबसे बड़ा बदलाव क्षेत्रीय अध्यक्षों को लेकर सामने आ सकता है. संभावना है कि काशी, अवध, कानपुर और पश्चिम क्षेत्रों के अध्यक्ष बदले जा रहे हैं. अवध के अध्यक्ष उपचुनाव में विधायक बन गये हैं. इसलिए बाकी तीन क्षेत्रों के अध्यक्ष प्रमोशन पाकर प्रदेश की टीम में स्थान पा रहे हैं. काशी के महेश श्रीवास्तव और कानपुर के अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह प्रदेश उपाध्यक्ष और पश्चिम क्षेत्र के अध्यक्ष अश्वनी त्यागी प्रदेश महामंत्री बनाए जा सकते हैं.
वहीं, गोरखपुर के क्षेत्रीय अध्यक्ष पद पर मौजूदा अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह आगे भी बने रह सकते हैं. वहीं पश्चिम क्षेत्र में त्यागी की जगह सत्येंद्र सिंह सिसोदिया अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं. सिसोदिया फिलहाल क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हैं और सीएम योगी के करीबी बताए जाते हैं. वहीं अश्विनी त्यागी मौजूदा अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह के साथ पहले भाजयुमो में अहम पद संभाल चुके हैं. इसलिए स्वतंत्रदेव सिंह उन्हें या तो पश्चिम क्षेत्र में अध्यक्ष ही बनाए रखना चाहते हैं या फिर उन्हें प्रदेश महामंत्री बनाने की ओर कदम बढ़ा सकते हैं.
Leave A comment
महत्वपूर्ण सूचना -
भारत सरकार की नई आईटी पॉलिसी के तहत किसी भी विषय/ व्यक्ति विशेष, समुदाय, धर्म तथा देश के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी दंडनीय अपराध है। इस प्रकार की टिप्पणी पर कानूनी कार्रवाई (सजा या अर्थदंड अथवा दोनों) का प्रावधान है। अत: इस फोरम में भेजे गए किसी भी टिप्पणी की जिम्मेदारी पूर्णत: लेखक की होगी।